श्रमिकों को पंजीकरण व नवीनीकरण के लिए नहीं देना है कोई शुल्क
- श्रम विभाग के कार्यक्रम में 6112 लाभार्थियों को योजना का दिया गया लाभ
हरदोई : आइटीआइ परिसर में आयोजित श्रमिक लाभ एवं पंजीकरण कार्यक्रम के दौरान श्रम, सेवायोजन व समन्वय मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या ने सोमवार को लाभार्थियों को प्रमाण पत्र व साइकिल का वितरण किया।
उन्होंने कहा कि पंजीकृत श्रमिकों के लिए डेढ़ दर्जन योजनाएं संचालित की जा रही हैं। श्रमिक उनका निश्शुल्क पंजीकरण कराके लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के पंजीकरण व नवीनीकरण के लिए अब कोई शुल्क निर्धारित नहीं है। श्रमिक किसी भी जन सुविधा केंद्र से ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते है। उनको विभाग के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में श्रमिकों के लिए लागू योजनाओं को पार्टी के चहेतों तक सिमट कर रह जाती थी। भाजपा सरकार ने इसे पारदर्शी बनाया और श्रमिकों को मिलने वाला लाभ सीधे उनके खातों में पहुंच रहा है। सांसद अशोक रावत ने कहा कि कोरोना काल में श्रमिकों को सरकार की ओर से हर संभव मदद की गई। अध्यक्षता कर रहे सवायजपुर विधायक माघवेंद्र प्रताप सिंह रानू ने कहा कि श्रमिकों के हितों के लिए सरकार कार्य कर रही है। श्रम मंत्री स्वयं श्रमिकों के पास जाकर पंजीकरण करने के प्रेरित कर रहे। श्रमिकों को उसका लाभ उठाना चाहिए।जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्र ने कहा कि प्रदेश व केंद्र सरकार आम लोगों के हितों की योजनाएं ला रही है। जिसका आम लोगों को लाभ मिल रहा है। उसका सभी को लाभ मिले। इसका प्रयास किया जा रहा है। अपर श्रम आयुक्त वीके राय ने विभाग में संचालित योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर प्रत्येक योजना के पांच-पांच लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और छात्राओं को साइकिल वितरित की। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अविनाश कुमार, भाजपा महिला अध्यक्ष अल्का गुप्ता, डा. अरुण मौर्या आदि लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मनीष मिश्र ने किया।
मंत्री ने कई कार्यक्रमों में किया प्रतिभाग
श्रममंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या ने कैनाल रोड स्थित कुंती नर्सिंग होम पहुंचकर बैठक में प्रतिभाग किया। जहां पर ओबीसी संघ संघ की स्थापना पर खुशी जताई। कहा कि कोई समस्या हो, उनके पास आएं। जिला शासकीय अधिवक्ता रामचंद्र राजपूत के घर पहुंचकर उनकी बेटी की शादी के उपरांत आशीर्वाद दिया। हरियावां के ग्राम मुरादपुर में कई कार्यों का लोकार्पण किया। बावन क्षेत्र के सराय गांव पहुंचकर भगवान बुद्ध की प्रतिमा का अनावरण किया।