अधिकारियों ने दाह संस्कार का लेखा जोखा मांगा
संवाद सहयोगी गढ़मुक्तेश्वर ब्रजघाट गंगा नगरी में बृहस्पतिवार की सुबह हुई अज्ञात की मौत स्थ
संवाद सहयोगी, गढ़मुक्तेश्वर :
ब्रजघाट गंगा नगरी में बृहस्पतिवार की सुबह हुई अज्ञात की मौत स्थानीय पुलिस-प्रशासन की गले की फांस बन गई है। जिसके बाद अधिकारियों ने नगर पालिका से दाह संस्कार का लेखा जोखा मांगा है।
श्मशानघाट पर पालिका परिषद द्वारा एक कर्मचारी तैनात रहता है, जो वहां होने वाले दिवंगतों के दाह संस्कार का लेखा-जोखा रजिस्टर में दर्ज करता है। परंतु पालिका के रजिस्टर में भी उन दोनों अज्ञात लोगों का पूरा ब्यौरा अंकित नहीं है, जिनका दो दिनों के भीतर श्मशानघाट में दाह संस्कार किया गया है। माना जा रहा है कि नगर पालिका के रजिस्टर से ही इस सच्चाई का खुलासा होगा कि दो अज्ञात लोगों का दाह संस्कार पुलिस ने कराया है या स्थानीय लोगों ने अंतिम विदाई दी है। पालिका के अधिशासी अधिकारी संजीवन राम का कहना है कि ब्रजघाट गंगानगरी के श्मशान घाट में जिन दिवंगतों का दाह संस्कार होता है, उनकी प्रविष्टि पालिका के रजिस्टर में दर्ज होती है। परंतु अगर किसी दिवंगत का दाह संस्कार करने आने वाले लोग प्रविष्टि नहीं कराते हैं तो फिर इस संबंध में पालिका के अभिलेखों में कोई वर्णन मिल पाना संभव नहीं है। हालांकि, प्रशासन द्वारा बुधवार और बृहस्पतिवार को हुए दाह संस्कार से संबंधित पूरा ब्यौरा तलब किया गया है।