हापुड़ में सैनिटाइजर व थर्मल स्क्रीनिंग से बारातियों का स्वागत, कोरोना ने बदले विवाह के तरीके
अनलॉक-1 होने पर 13 जून शनिवार रात महराज फार्म हाउस में शादी का आयोजन किया गया। ये अनोखी शादी आसपास के गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है।
गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़), प्रिंस शर्मा। आज से कुछ माह पूर्व तक हर माता-पिता अपने अपने बच्चों का विवाह भव्यता के साथ किया करते थे। मेहमानों का स्वागत मिठाई पान, ड्रायफ्रूट, फूल मालाओं आदि से स्वागत किया जाता था, लेकिन कोरोना महामारी ने विवाह की परंपरा भी बदल दी हैं। गांव की आंगनबाड़ी कार्यकत्री मंजू ने सैनिटाइजर और मास्क के लिए पूरे ग्राम को जागरूक कर रहीं हैं तो उन्होंने पुत्री के विवाह में भी कोरोना से बचाव के लिए सैनिटाइजर और मास्क के साथ शादी के शामिल हुए 20 लोगों की स्वागत के दौरान थर्मल स्क्रीनिंग भी कराई।
सिंभावली के गांव बक्सर निवासी मंजू देवी की पुत्री प्रतिभा की शादी मनोज निवासी खाता थाना जोया जनपद अमरोहा के साथ तय हुआ। लॉकडाउन होने के कारण अप्रैल में शादी नहीं हो सकी। अनलॉक-1 होने पर 13 जून शनिवार रात महराज फार्म हाउस में शादी का आयोजन किया गया। विवाह में दोनों पक्षों कुल 20 लोग शामिल हो सके। मेहमानों का स्वागत सैनिटाइजर और थर्मल स्क्रीनिंग से किया गया। इस अनोखी शादी में सैनिटाइजर से दूल्हा-दुल्हन के हाथ और पैरों को भी धुलवाया गया। उसके बाद दोनों ने सात फेरे लिए और वैवाहिक जीवन में बंध गए।
ये अनोखी शादी आसपास के गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है। दूल्हा व दुल्हन के स्वजन ने कहा कि कोरोना बीमारी को देखकर कम लोगों के बीच शादी की रस्म पूरी की गई। लोगों को इस बीमारी से बचाव के लिए शासन के आदेशों का पालन करना चाहिए।
बता दें कि हापुड़ में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। जिले में अब तक 229 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है, जबकि इनमें से 129 स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार शनिवार को मेरठ रोड स्थित आवास विकास कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति में कोरोना की पुष्टि हुई है। यह मरीज संक्रमित के संपर्क में आया था।