ओडिशा से गांजा लाकर तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो बदमाश गिरफ्तार
थाना धौलाना पुलिस ने रविवार रात गांजा तस्करी करने वाले बदमाश दबोचे।
जागरण संवाददाता, हापुड़ :
थाना धौलाना पुलिस ने रविवार रात गांजा तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपित वाहनों में छिपाकर ओडिशा से गांजा लाते थे और प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करते थे। इनके पास से करीब आठ लाख रुपये की कीमत का एक क्विटल गांजा बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एसपी दीपक भूकर ने बताया कि रविवार रात थाना धौलाना प्रभारी संजय कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिग कर रहे थे। इस दौरान सूचना मिली कि अंतरराज्जीय गांजा तस्कर गिरोह के दो सदस्य गांव पिपलेड़ा के पास खड़े है। उनके पास गाजे की बड़ी खेप भी है। जिसे वह सप्लाई करने वाले हैं। सूचना के बाद वह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देखकर तस्करों ने मौके से फरार होने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी करते हुए दोनों आरोपितों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से दो कट्टों में भरा हुआ करीब एक क्लिटल गांजा बरामद हुआ। जांच के दौरान पता चला कि अंतरराज्जीय बाजार में बरामद गांजे की कीमत करीब आठ लाख रुपये है। आरोपित जिला अलीगढ़ के थाना हरदुआगंज क्षेत्र के गांव गुरसिकरन निवासी सन्नी और बुलंदशहर कोतवाली क्षेत्र के हंस विहार निवासी सुनील कुमार है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया है कि गांजे को ओडिशा से सस्ते दाम पर खरीदकर लाते थे प्रदेश के विभिन्न जिलों में महंगे दाम पर बेच देते थे। इससे अच्छा मुनाफा मिल जाता था। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। गिरोह से जुड़े अन्य आरोपितों की पुलिस तलाश कर रही है।