बर्फीली हवा ने कंपाया, कोहरे ने रोकी वाहनों रफ्तार
जागरण संवाददाता हापुड़ बर्फीली हवा और कोहरे से लोग दिन भर कांपते रहे। शनिवार के
जागरण संवाददाता, हापुड़ :
बर्फीली हवा और कोहरे से लोग दिन भर कांपते रहे। शनिवार के सापेक्ष रविवार को न्यूनतम पारा एक डिग्री बढ़ा तो है पर रात से ही चल रही बर्फीली हवा से ठंड में कोई राहत नहीं रही। भोर में कोहरे का आलम यह था कि जो लोग मजबूरी में घर से निकले। वह धीरे-धीरे किसी तरह वाहनों की लाइट जलाकर चल रहे थे।
उधर बाजारों में भी शीतलहर का असर देखने को मिला। देर से दुकानें खुलीं और जल्द ही बाजार बंद हो गए। क्योंकि दिन में ग्राहकों के आने की संख्या कम रही। मौसम विभाग ने शीतलहर जैसी ठंड बनी रहने का अनुमान जताया है। रात और सुबह कोहरा पड़ने की संभावना जताई है। रविवार को ठंड से राहत मिलने के बजाय सर्द हवा ने लोगों को कंपा डाला। बर्फीली हवा के झोंके पूरे दिन चले। मौसम विभाग ने मुताबिक अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस रहा है।
उत्तरी-पूर्वी हवा के चलते शीतलहर जारी रहेगी। आगामी 24 घंटे में कोहरा छाए रहने और औसत तापमान सामान्य से नीचे रहने से ठंड से राहत की संभावना नहीं है। इसी को देखते हुए शहर के बाजारों में जहां सन्नाटा रहा वहीं मजबूरी में जो लोग निकले वह ठिठुर गए। शहर के रेलवे रोड, गोल मार्केट, कोठी गेट, बर्तन बाजार देर से खुले और जल्दी बंद हो गए। कुछ जगह लोग अलाव के आगे ठंड को दूर भगाते नजर आए। वहीं सड़कों पर वाहन लेकर निकले चालकों को वाहनों की हेडलाइट जलाकर चलने को मजबूर होना पड़ा। ठंड का आलम इतना था कि शनिवार के सापेक्ष रविवार को सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। जिसके चलते जन जीवन अस्त व्यस्त रहा।