श्री कृष्ण जन्माष्टमी आज, मंदिरों की गई आकर्षक सजावट
भगवान श्री कृष्ण का सोमवार को जन्म होगा। इसलिए शहर के तमाम मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया है। आकर्षक लाइटों की रोशन से मंदिर नहाए हुए हैं। जिले भर के प्रत्येक मंदिर पर श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर सुंदर-सुंदर झांकियां और मेले का आयोजन किया जाता है। इसलिए भारी भीड़ मंदिरों पर उमड़ती है। इस भीड़ को नियंत्रण करने के लिए मंदिरों के आसपास छेड़छाड़ और लूटपाट की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस मुस्तैद रहेगी।
जागरण संवाददाता, हापुड़ : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी सोमवार को मनाई जाएगी। इसके लिए नगर के तमाम मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया है। आकर्षक प्रकाश व्यवस्था से मंदिरों की सुंदरता को चार चांद लग गए हैं। श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर मंदिरों में कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसमें सुंदर झांकियों का प्रदर्शन और मेले का आयोजन किया जाता है। शाम के समय मंदिरों पर भारी भीड़ उमड़ती है। इस भीड़ को नियंत्रित रखने तथा मंदिरों के आसपास छेड़छाड़ और लूटपाट की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।
श्री कृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियां मंदिरों से लेकर घरों तक में की गई है। मंदिरों में सफाई, रंग-रोगन को अब अंतिम रूप दे दिया गया है। आकर्षक ढंग से मंदिरों को सजाने में मंदिर समिति के पदाधिकारी जुटे हुए हैं। राधा-कृष्ण मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। इस अवसर पर लड्डू गोपाल को पालने में झुलाया जाएगा।
श्री चंडी मंदिर, माहेश्वरी मंदिर, मंशा देवी मंदिर, त्रिवेणी गंज स्थित हनुमान मंदिर, बाबा बख्तावर नाथ मंदिर, रेलवे रोड स्थित मंदिरों में भी बर्फ की गुफा और राधा-कृष्ण सहित विभिन्न देवी-देवताओं की झांकियों को सजाया जाएगा। नगर के विभिन्न मंदिरों पर आकर्षक झांकियों और मेला देखने के लिए आसपास के गांवों से काफी संख्या में लोग आते हैं। इसलिए पुलिस को भी व्यवस्था बनाने में काफी कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है।
पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने बताया कि जन्माष्टमी को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक मंदिर पर महिला पुलिस कर्मियों के साथ साथ जवानों की ड्यूटी लगाई जाएगी। क्षेत्राधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ और लूटपाट की घटना पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।