UP Election 2022: धौलाना विधानसभा क्षेत्र के चुनावी मैदान में उतरे सूरमा, होगा कड़ा मुकाबला
UP Vidhan Sabha Chunav 2022 धौलाना विधानसभा का रण सज गया है। भाजपा सपा और बसपा ने क्षेत्र के जाने-पहचाने चेहरों को मैदान में उतारा है। इसके चलते चुनावी दंगल में कड़ा मुकाबला होने की संभावना प्रबल हो गई है।
धौलाना/हापुड़ [संजीव वर्मा]। हापुड़ जिले की धौलाना विधानसभा का रण सज गया है। भाजपा, सपा और बसपा ने क्षेत्र के जाने-पहचाने चेहरों को मैदान में उतारा है। इसके चलते चुनावी दंगल में कड़ा मुकाबला होने की संभावना प्रबल हो गई है। पहले साइकिल की सवारी कर लखनऊ पहुंचने वाले धर्मेश तोमर को भाजपा ने मैदान उतारा है तो वहीं बसपा से चुनाव जीतकर विधायक बने असलम चौधरी इस बार साइकिल की सवारी कर रहे हैं।
कांग्रेस को छोड़कर लगभग सभी प्रमुख राजनैतिक दलों ने प्रत्याशियों का एलान कर दिया हैं। बसपा से पूर्व जिला पंचायत सदस्य बासिद अली, सपा-रालोद गठबंधन से विधायक असलम चौधरी और भाजपा से पूर्व विधायक धर्मेश तोमर को चुनावी दंगल में उतार दिया गया हैं। तीनों लंबे समय से क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय है। इस कारण इस विधानसभा सीट पर तीनों के बीच कड़ा मुकाबला हो सकता है।
विधानसभा चुनाव 2012 में धर्मेश तोमर सपा के टिकट पर चुनाव लड़े थे। इसी तरह विधायक असलम चौधरी भी मुस्लिम मतदाताओं के सहारे विधानसभा चुनाव 2017 में विजयी हुए थे। बासिद प्रधान विधानसभा चुनाव 2012 में बसपा के टिकट से चुनाव लड़े थे और उन्हें लगभग तीस हजार वोट प्राप्त हुई थी। संभावना व्यक्त की जा रही है कि कांग्रेस से भी जल्दी प्रत्याशी की घोषणा हो जाएगी और कांग्रेस से किसी ब्राह्मण चेहरे को मैदान में उतारे जाने की संभावना है।