हापुड़ में सात नए पॉजिटिव मामलों से हड़कंप, 25 हुई सक्रिय मामलों की संख्या
स्वास्थ्य विभाग को शुक्रवार की दोपहर 168 संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इनमें से सात नए मरीजों की जांच रिपोर्ट में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है।
हापुड़, मुकुल मिश्रा। पिछले चार दिनों से जनपद में कोरोना पॉजिटिव का मामला न मिलने से अफसर राहत की सांस ले रहे थे और रोगियों का सही होने का सिलसिला शुरू होने लगा था। लेकिन, शुक्रवार दोपहर को एक साथ सात मरीजों में कोरोना वायरस की पुष्टि हो गई। इसके बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि इनमें से कुछ मरीज सील क्षेत्रों में सब्जी, रसोई गैस आदि आवश्यक सामान पहुंचाने वाले वेंडर और कुछ मरीज कोरोना पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आए हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सातों मरीजों को क्वारंटाइन किया हुआ था। इसके अलावा चार कोरोना पॉजिटिव मरीजों की दूसरी जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। जबकि एक कोरोना पॉजिटिव मरीज की तीसरी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। मरीज को स्वस्थ घोषित कर दिया गया है। प्रशासन ने विभिन्न विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जिन क्षेत्रों में मरीज मिले हैं, वह पहले से ही सील हैं।
स्वास्थ्य विभाग को शुक्रवार की दोपहर 168 संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इनमें से सात नए मरीजों की जांच रिपोर्ट में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। इनमें से तीन मरीज हापुड़ के गांव कुराना, एक गांव असौड़ा, तीन मरीज मोहल्ला मजीदपुरा के मिले हैं। इनमें से कुछ मरीज सील जोन क्षेत्रों में आवश्यक खाद्य पदार्थों को पहुंचाने वाले हैं। सील क्षेत्रों में सामान पहुंचाने के कारण इन सभी को कोरोना संदिग्ध माना गया था। स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों ने इनके करीब पांच दिन पहले सैंपल एकत्र कर जांच को प्रयोगशाला में भेजे थे। जनपद में अब कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक इन सातों मरीजों को मेडिकल क्वारंटाइन से निकालकर गढ़ रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को बनाए गए कोविड-19 अस्पताल में भर्ती करा दिए हैं।
वहीं स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों ने करीब तीन दिन पहले कुछ कोरोना मरीजों के दूसरी बार सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे थे। इन सभी मरीजों का कोविड-19 अस्पताल में उपचार चल रहा है। 14 दिन उपचार करने के बाद इनके सैंपल एकत्र किए गए थे। इनमें से चार मरीजों की दूसरी जांच में कोरोना की पुष्टि हुई है। इनमें से दो मरीज गढ़मुक्तेश्वर के मोहल्ला जैन गली, एक मरीज जनपद बुलंदशहर के अनुपशहर, और एक मरीज असम का है। यह सभी जमात में भाग लेकर जनपद में लौटे थे। जबकि एक मरीज की तीसरी जांच रिपोर्ट में कोरोना की पुष्टि नहीं हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इस मरीज को स्वस्थ घोषित कर दिया है। जनपद में स्वस्थ होने वालों की संख्या अब बढ़कर आठ हो गई है। फिलहाल इस मरीज को क्वारंटाइन वार्ड में भर्ती कराया जाएगा। चिकित्सक अभी कुछ दिन और इस मरीज के स्वास्थ्य पर नजर बनाकर रखेगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. रेखा शर्मा ने बताया कि सात और मरीजों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। सभी मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बनाए गए कोविड-19 अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। इनमें से कुछ मरीज सील क्षेत्रों में वेंडर हैं। इन्हें चिकित्सकों ने पहले ही क्वारंटाइन किया हुआ था। चार पुराने कोरोना पॉजिटिव मरीजों की दूसरी जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इनका उपचार कराया जा रहा है। एक मरीज की तीसरी
जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। वह अब स्वस्थ हो चुका है।
हापुड़ में हॉटस्पॉट इलाकों की स्थिति। डीएम हापुड़ द्वारा दी गई जानकारी।