UP: पितृ पक्ष अमावस्या पर लाखों श्रदालुओं ने ब्रजघाट पर लगाई आस्था की डुबकी
Pitra Paksha Amavasya बृहस्पतिवार को पितृ अमावस्या पर लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान श्रद्धालुओं में कोरोना संक्रमण का डर भी नहीं दिखाई दिया।
हापुड़/ब्रजघाट [राम मोहन शर्मा]। Pitra Paksha Amavasya: रोक के बावजूद पितृ विसर्जन अमावस्या के मौके पर ब्रजघाट में लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाकर पितरों को तर्पण किया। गंगा पुल के दोनों ओर भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर जाम की स्थिति बनी रही। जिससे स्नान के लिए लगाई रोक पर पुलिस के दावों की पोल खुल गई। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए 25 मार्च से किसी भी धार्मिक अनुष्ठान पर रोक लगाई हुई है। जिसके अंतर्गत गंगा नगरी ब्रजघाट पर भी श्रद्धालुओं को स्नान नहीं किए जाने के आदेश दिए हुए हैं। गंगा नगरी में केवल अस्थि विसर्जन और अंतिम संस्कार करने के लिए आने वाले लोगों को ही अनुमति दी गई है, लेकिन पुलिस प्रशासन के दावों की बृहस्पतिवार सुबह जमकर धज्जियां उड़ीं। पितृ अमावस्या पर लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान श्रद्धालुओं में कोरोना संक्रमण का डर भी नहीं दिखाई दिया।
बुधवार आधी रात से ही पहुंचने लगे श्रद्धालु
पितृ विसर्जन अमावस्या के मौके पर बुधवार आधी रात से ही ब्रजघाट पर गंगा में स्नान शुरू हो गया था। रात में पहुंचे श्रद्धालुओं ने आधी रात करीब दो बजे से ही गंगा में स्नान करना शुरू कर दिया। गंगा पर बने पुल के दोनों ओर गंगा स्नान कर श्रद्धालुओं ने पितरों को तर्पण किया और सूर्य को अर्ध्य दिया।
गंगा के किनारे हुई पूजा
गंगा किनारे ही पुरोहितों की मदद से विधि विधान से मंत्रोच्चार के मध्य पूजा की। स्नान के दौरान श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। पितृ विसर्जन अमावस्या के मौके पर श्रद्धालुओं को रोकने के लिए सुरक्षा पर सुविधा के लिए पुलिस बल भारी संख्या में मौजूद था, लेकिन आस्था के समागम के सामने पुलिस कुछ नहीं कर पाई।
सुबह होते ही जाम की स्थिति बनी
दिन निकलते ही श्रद्धालुओं के आने और जाने से राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर वाहनों की संख्य अधिक होने के कारण जाम की स्थिति बन गई। जिस को खुलवाने के लिए पुलिस मशक्कत करती दिखाई दे रही थी। हर किसी को आगे निकलने की जल्दी थी। जिसके चलते जाम की स्थिति पैदा हो गई। इस संबंध में एसडीएम विजय वर्धन तोमर ने बताया कि सुबह सवेरे आसपास के लोग गंगा स्नान करने के लिए पहुंच गए थे। समय रहते हुए उन लोगों को गंगा घाट पर वापस कर दिया गया है, जबकि दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं को गंगा नगरी में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। मौके पर पुलिस तैनात है।