गन्ना तौल केंद्र पर पूर्व प्रधान पति की गोली मारकर हत्या, बचाने आये लोगों को भी पीटा Hapur News
हापुड़ में गन्ना तौल केंद्र पर गन्ना डालने को लेकर हुए विवाद में पूर्व प्रधान पति की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
हापुड़ [केशव त्यागी]। हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव गिरधरपुर स्थित गन्ना तौल केंद्र पर गन्ना डालने को लेकर हुए विवाद में पूर्व प्रधान पति की गोली मारकर हत्या कर दी। जबकि उन्हें बचाने आए लोगों को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। गोली लगने के बाद आरोपित मौके से भाग गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। सूचना पर एसपी और एएसपी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।
संजय(42) बाना पुत्र भीम सिंह मूलरूप से हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव गिरधरपुर के रहने वाले थे। उनकी पत्नी गांव की पूर्व में प्रधान रही हैं। संजय वर्तमान में पत्नी और दो बेटियों के साथ नगर की चंद्रलोक कॉलोनी में परिवार के साथ रहते थे। संजय का भाई अरुण गंगा सोसायटी का पूर्व चेयरमैन है।
संजय के भतीजे विजय ने पुलिस को बताया कि वह और चाचा संजय गन्ना लेकर गांव के निकट स्थित तौल केंद्र पर गए। वहां जाकर देखा तो गन्ना तौल बंद पड़ी थी। जानकारी करने पर पता चला कि पड़ौस में कोल्हू मालिक तौल केंद्र की मशीन ले गया है। इसका विरोध किया तो कोल्हू मालिक चार-पांच साथियों के साथ आया और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।
इसी बीच एक आरोपित ने तमंचे से गोली मारकर संजय की हत्या कर दी। आरोपित मौके से भाग गए। गोली लगते ही संजय जमीन पर लहूलुहान हालत में गिर गए। उन्हें भतीजे विजय ने अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने संजय को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन और अपर पुलिस अधीक्षक सर्वेश मिश्रा ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। एएसपी सर्वेश मिश्रा ने बताया कि तौल केंद्र के निकट कोल्हू मालिक व उसके भाई पर आरोप लगाया है। जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाईं की जाएगी।