लव जिहाद कानून प्रदेश सरकार की सराहनीय पहल: स्वामी यतींद्रानंद
जागरण संवाददाता हापुड़ जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि महाराज ने कह
जागरण संवाददाता, हापुड़ :
जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि महाराज ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने लव जिहाद को लेकर कानून बना दिया है। प्रदेश सरकार की यह पहल सराहनीय है लेकिन, अब समय आ चुका है कि यह कानून पूरे देश में लागू किया जाना चाहिए।
महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि महाराज ज्ञानलोक कालोनी नीरज गोयल के निवास पर पहुंचे। इस दौरान वह पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि देश में अब जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने की आवश्यकता है। जनसंख्या कानून बनाने के लिए सरकार से अखाड़े की ओर से वार्ता चल रही है। हरिद्वार में होने वाले महाकुंभ में भी संत जनसंख्या कानून के मुद्दे को उठाएंगे। उन्होंने बताया कि पांच और छह जनवरी को अखंड हनुमान चालीसा महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। यह महायज्ञ 24 घंटे चलेगा। इस दौरान जरूरतमंदों को कंबल और गर्म कपड़ों का भी वितरण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि देश को जाति-धर्म के नाम पर बांटा जा रहा है। संविधान में जब तक जातिसूचक शब्द चलेगा, तब तक जाति विहीन समाज नहीं बन सकता है। इसी का फायदा राजनैतिक पार्टियां उठा रही हैं और लोगों को आपस में लड़ा रही हैं। अल्पसंख्यक के नाम पर राजनीति बंद होनी चाहिए। मदरसों का भी राष्ट्रीयकरण होना चाहिए। जिस प्रकार मौलवियों को सरकार द्वारा वेतन दिया जाता है, उसी प्रकार मंदिरों के पुजारी को भी सरकार द्वारा वेतन दिया जाना चाहिए।