Hapur: जिले में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर ने पकड़ी रफ्तार, गंग नहर के ऊपर से बिछने लगा पुल
हाफिजपुर क्षेत्र में गंग नहर के ऊपर से बिछने लगा पुल। जिले में दो नेशनल हाइवे के ऊपर से गुजरेगा डीएफसी। लॉकडाउन के चलते बंद पड़ा था डीएफसी निर्माण का काम। रेलवे बिछा रहा है कॉरिडोर
हापुड़, जागरण संवाददाता। कोलकाता से लेकर लुधियाना तक बनाए जा रहे डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर ने जिले में लॉकडाउन के बाद रफ्तार पकड़ ली है। हाफिजपुर क्षेत्र में गंगनहर और निजामपुर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के ऊपर पुलों का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। इनके पूरा होते ही फ्रेट कॉरिडोर पर जल्द ही मालगाड़ी फर्राटा भरती दिखाई देंगी। जिससे जिले के विकास को गति मिलेगी।
लॉकडाउन के चलते जिले में चल रहे डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का निर्माण कार्य भी बंद हो गया था। पिछले दिनों जिला प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद काम शुरू हो गया है। कॉरिडोर का काम रोजाना रफ्तार पकड़ रहा है। बुलंदशहर रोड स्थित हाफिजपुर क्षेत्र में गंग नहर के ऊपर पुल डालने का काम तेजी से चल रहा है। गंग नहर पर पुल का काम होने के बार राष्ट्रीय राजमार्ग 334 के ऊपर से पुल बनाने का काम रफ्तार पकड़ेगा। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग-9(पूर्व में 24) में निजामपुर स्थित हाईवे पर भी ऊपरगामी पुल बनाने का काम तेज हो गया है। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के बनने से जिले के विकास को गति मिलेगी।
ये होगा फायदा
इस ट्रैक के शुरू हो जाने के बाद मालगाड़ी 100 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से दौड़ेंगी। इससे यात्री ट्रेनों को भी सिग्नल मिलने में कोई परेशानी नहीं होगी। वहीं जो सामान मालगाड़ी से पहले तय समय से अधिक समय में एक स्थान से पहुंचता था। वह अब आसानी से तय समय में ही तेज गति से पहुंच सकेगा।
दो चरणों में बांटा है ट्रैक
कुल किलोमीटर - 1856
कोलकाता से लुधियाना तक
डबल ट्रैक - 1409 किमी
बंगाल के दनकौनी से खुर्जा तक
सिंगल ट्रैक - 447 किमी
लुधियाना से खुर्जा तक
इस कॉरिडोर के ये प्रमुख स्टेशन
लुधियाना, सरहिंद, राजपुरा, अंबाला, सहारनपुर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, बरहन, टुंडला, फिरोजाबाद, इटावा, कानपुर, इलाहाबाद
क्या कहते हैं अधिकारी
जिले में चल रहे डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के निर्माण कार्य को जिलाधिकारी द्वारा अनुमति दी जा चुकी है। जिसके बाद निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसके निर्माण से जिले के विकास को रफ्तार मिलेगी। जयनाथ यादव, अपर जिलाधिकारी