हैप्पी बर्थडे टू यू...आशीष! कामगार के पुत्र का जन्मदिन मनाने पहुंचे हापुड़ ASP, पुलिस की हुई प्रशंसा
कामगार के पुत्र का पुलिस ने मनाया जन्मदिन तो खुशी से खिल उठे प्रवासी कामगारों के चहेरे। HAPUR SDM और ASP ने साथ मिलकर मनाया बर्थडे।
गढ़मुक्तेश्वर, प्रिंस शर्मा। एक तरफ जहां प्रवासी कामगारों के साथ पुलिस द्वारा सख्ती एवं अभद्रता करने की खबरें सामने आ रही है। वहीं उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद अंतर्गत गढ़ क्षेत्र में बच्चे की खुशी के लिए ना केवल पुलिस ने उसका जन्मदिन मनाया बल्कि इंतजाम कर केक भी काटा गया। बच्चे को पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों दीर्घायु का आशीर्वाद भी दिया। पुलिस का यह चेहरा देख बच्चे के स्वजन खुशी की झूम उठें। वहीं मौके पर मौजूद अन्य प्रवासी कामगारों ने पुलिस की प्रशंसा की।
कोरोना महामारी की रोकथाम को 25 मार्च से लॉकडाउन लागू होने से रोजगार कमाने से जुड़े काम धंधे ठप चल रहे हैं। जिससे विभिन्न राज्यों में रहकर मेहनत करने वाले प्रवासी कामगारों के सामने दो वक्त की रोटी का भी बड़ा संकट बना हुआ है। रोजगार ठप होने के साथ ही अपनी गुजर बसर करने में परेशान चल रहे प्रवासी कामगार घरों को लौटने के लिए बुरी तरह आतुर हैं, जो सैकड़ों मील की पदयात्रा करने के साथ ही साइकिल और ठेली जैसे वाहनों से भी सफर करने को मजबूर हैं। कई बार रास्ते में पुलिस की अभद्रता का भी कामगारों को शिकार होना पड़ रहा है। वहीं गढ़ पुलिस का मानवीय चेहरा चर्चा का विषय बना है।
दिल्ली से आजमगढ़ जा रहे प्रवासी कामगार देवीदान और उसकी पत्नी लक्ष्मीना का चेहरे मंगलवार को उस समय खुशी से खिल उठे, जब गढ़ पुलिस द्वारा ब्रजघाट पार्किंग स्थल में उनके बेटे आशीष का जन्मदिन पूरे परंपरागत ढंग में मनाया गया। मोमबत्ती जलाने के साथ ही गुब्बारे सजाए गए और आशीष से केक भी कटवाया गया। एएसपी सर्वेश मिश्रा, एसडीएम विजय वर्धन तोमर, सीओ पवन कुमार, इंस्पेक्टर राजपाल तोमर, चौकी प्रभारी सतपाल सिंह समेत पुलिस कर्मियों ने कामगार परिवार को जन्मदिन की शुभकामना देते हुए उनके बेटे की दीर्घायु की कामना भी की। ट्रांसपोर्ट कंपनी में कामकाज करने वाले देवीदान ने बताया कि वह दो बेटे और चार बेटियों का पिता है, जिनमें दो
बेटियों की शादी हो चुकी है। एक बेटा और दो बेटी गांव वाले घर में है, जबकि आशीष और उसकी मां दिल्ली से गांव को लौट रहे हैं। बेटे द्वारा जन्मदिन मनाए जाने की जिद करने पर इस संबंध में 112 नंबर पर दी गई सूचना के आधार पर पुलिस ने जन्मदिन कार्यक्रम आयोजित किया। लक्ष्मीना ने बताया कि ब्रजघाट में पुलिस द्वारा बेटे का जन्मदिन मनाए जाने से मानो सारी थकान और तनाव फिलहाल दूर हो गया है।