Move to Jagran APP

अच्छी खबर : कृषि विज्ञान केंद्र किसानों को किया समर्पित

25एचपीआर-23 व 25 जागरण संवाददाता हापुड़ बाबूगढ़ स्थित नवनिर्मित कृषि विज्ञान केंद्र का मुख्य

By JagranEdited By: Published: Fri, 25 Sep 2020 08:05 PM (IST)Updated: Fri, 25 Sep 2020 08:05 PM (IST)
अच्छी खबर : कृषि विज्ञान केंद्र किसानों को किया समर्पित
अच्छी खबर : कृषि विज्ञान केंद्र किसानों को किया समर्पित

25एचपीआर-23 व 25 जागरण संवाददाता, हापुड़

loksabha election banner

बाबूगढ़ स्थित नवनिर्मित कृषि विज्ञान केंद्र का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को वर्चुअल शुभारंभ किया, जिसके बाद कृषि विभाग ने केंद्र किसानों को समर्पित कर दिया। इससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। इसका निर्माण 1.30 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है। इससे किसानों की आय दोगुनी होगी। कृषि संबंधित नई जानकारियों के साथ-साथ प्रशिक्षण भी मिलेगा। वर्चुअल शुभांरभ कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक विजयपाल आढ़ती और सांसद ने भी भाग लिया। लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र से जनपद के किसान लाभांवित होंगे। किसानों को कृषि संबंधित नई जानकारियां व प्रशिक्षण भी प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री ने किसानों से कहा कि उन्हें एक ही फसल पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। उन्हें बागवानी, पशुपालन के साथ-साथ अन्य खेती करनी चाहिए। सांसद राजेंद्र अग्रवाल व विधायक विजयपाल आढ़ती ने वर्चुअल माध्यम से कृषि उपज पर मुख्यमंत्री से वार्ता की। विधायक विजयपाल आढ़ती ने मुख्यमंत्री आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के किसानों को काफी लाभ मिलेगा।

कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. हंसराज सिंह ने बताया कि कृषि विज्ञान केंद्र के निर्माण में एक करोड़ 30 लाख रुपये की लागत आई है। उन्होंने बताया कि इस केंद्र की स्थापना से जनपद के किसानों को कृषि संबंधी जैसे उद्यान, फसलों के अलावा पशुपालन एवं मत्स्य पालन, मुर्गी पालन आदि के बारे में जानकारी दी जाएगी। बेरोजगारों को रोजगार के लिए प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। इस मौके पर जिला कृषि अधिकारी शिवकुमार, कृषि वैज्ञानिक अशोक कुमार सहित क्षेत्र के अनेक किसान उपस्थित थे। जिला कृषि अधिकारी शिव कुमार ने बताया कि कृषि विज्ञान केंद्र पर अलग-अलग विषय के पांच कृषि विज्ञानी मौजूद हैं। कृषि विज्ञान केंद्र अगले तीन महीने के लिए प्रशिक्षण सारणी जारी करेगा। जिसकी जानकारी केंद्र पर लगे नोटिस बोर्ड द्वारा दी जाएगी। इसके अलावा कृषि विभाग से समन्वय रहने के चलते किसानों के समूहों पर सूचना प्रेषित की जाएगी। विभागीय प्रशिक्षण के लिए किसानों के समूह बनाकर केंद्र में प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें किसान अपनी फसल का नाम बताएंगे और उसमें उन्हें उस फसल को उगाने की जानकारी मिलेगी। इसके अलावा मृदा परीक्षण की व्यवस्था भी रहेगी। आगामी दिनों में केंद्र पर फसलों के उन्नतशील प्रजातियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। जिसमें पहुंचकर किसान जानकारी ले सकेंगे। आने वाले दिनों में कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा गांवों को गोद भी लिया जाएगा। वहां कृषि विज्ञानियों द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम और प्रदर्शनी आयोजित की जाएंगी। ------- मार्च 2019 में हुआ था शिलान्यास किसानों को खेती की वैज्ञानिक जानकारी मुहैया कराने तथा नई-नई तकनीकों और खोजों से अवगत कराने के मकसद से कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना की गई है। इसका शिलान्यास सांसद राजेंद्र अग्रवाल और विधायक विजयपाल आढ़ती ने संयुक्त रूप से मार्च 2019 में किया था। यह केंद्र मेरठ स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय से संचालित होगा। अभी तक हापुड़ के किसानों को मुरादनगर स्थित गाजियाबाद कृषि विज्ञान केंद्र से मदद लेनी पड़ती थी, लेकिन अब जिले में ही केंद्र की संचालित होने से किसानों को बहुत सहूलियत होगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.