पैसे कमाने का सुनहरा मौका, साइकिल पर बिकेंगी मछलियां साथ में मिलेगा आइस बॉक्स
काम की तलाश में हैं तो आइए जानें कैसे मछली पालन से पैसे कमाएं। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के जरिए अब मछुआरों की किस्मत चमकेगी। जनपद में इसके लिए आवेदन मांगे गए हैं। आठ योजनाओं के लिए 21 लोगों ने आवेदन भी कर दिए हैं।
हापुड़, गौरव भारद्वाज। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के जरिए अब मछुआरों की किस्मत चमकेगी। जनपद में इसके लिए आवेदन मांगे गए हैं। आठ योजनाओं के लिए 21 लोगों ने आवेदन भी कर दिए हैं। जिसमें बायोफ्लॉक निर्माण, निजी भूमि पर तालाब निर्माण और थ्री व्हीलर विद आइसबॉक्स भी शामिल हैं। मत्स्य विभाग इनमें 40 से 60 फीसद अनुदान देगा। मछली पालन के लिए लाभार्थियों का चयन किया जा रहा है।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य पालक विकास अभिकरण राजीव शर्मा ने बताया कि शासन की मत्स्य पालन के लिए मछुआ किसानों की आय दोगुना करने की तैयारी है। इसके लिए प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना शुरू की है। इसके पहले विभाग में संचालित नीली क्रांति योजना बंद कर दी गई है। योजना के तहत जनपद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना के तहत जनपद चारों ब्लाक में मछुआ समुदाय के दिन बहुरेंगे। जनपद में 25 यूनिट बयोफ्लॉक(पक्के टैंक) बनवाए जाएंगे। इसके अलावा तीन लघु री-सर्कुलेटरी सिस्टम लगाए जाएंगे। जिन्हें लगाने से मछली पालकों की आमदनी कई गुना बढ़ जाएगी।
कुल्फी की तर्ज पर बिकेंगी मछलियां
शासन मछली पालन करने वाले 10 लाभार्थियों को साइकिल व आइस बॉक्स के लिए 10-10 हजार रुपये देगी। वह कुल्फी की तर्ज पर साइकिल से गांव-गांव व शहर-शहर घूमकर मछलियां बेचेंगे। इससे उनकी अच्छी आय होगी।
40 से 60 फीसद मिलेगा अनुदान
शासन से लाभार्थियों को 40 से 60 फीसद तक अनुदान मिलेगा। सामान्य जाति के लाभार्थियों को 40, आरक्षित वर्ग व महिलाओं को इन योजनाओं में 60 फीसद छूट दी जाएगी। योजनाएं समूह (क्लस्टर) में संचालित होंगी।
ऐसे करें आवेदन
लाभार्थियों को प्रथम आवक-प्रथम पावक के आधार पर योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। इच्छुक व्यक्ति मत्स्य विभाग की वेबसाइट में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ फोटो, आधार कार्ड, 100 रुपये का स्टांप पर शपथ पत्र के साथ अभिलेख अपलोड कराने होंगे। सहायक निदेशक मत्स्य से संपर्क कर जानकारी की जा सकती है।
अधिकारी ने कहा
पीएम मत्स्य संपदा योजना से किसानों की आय में इजाफा होगा। इन्हें यहीं बेहतर रोजगार मिलेगा। मछली की मंडल में बड़ी खपत व मांग है। युवा इस योजना का लाभ जरूर लें।
राजीव शर्मा, मत्स्य पालक अधिकारी