घुड़चढ़ी के दौरान हर्ष फायरिंग में गोली लगने से किशोरी की मौत
सोमवार दोपहर भी दिल्ली से सटे हापुड़ जनपद के सिंभावली थानांतर्गत बक्सर गांव में घुड़चढ़ी के दौरान हर्ष फायरिंग हुई। इस फायरिंग में गोली लगने से एक किशोरी की मौत हो गई है।
गढ़मुक्तेश्वर हापुड़ [प्रिंस शर्मा]। पुलिस प्रशासन की तमाम सख्ती के बावजूद हर्ष फायरिंग की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार दोपहर भी दिल्ली से सटे हापुड़ जनपद के सिंभावली थानांतर्गत बक्सर गांव में घुड़चढ़ी के दौरान हर्ष फायरिंग हुई। इस फायरिंग में गोली लगने से एक किशोरी घायल हो गई। आनन-फानन में किशोरी को गंभीर हालत में मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है। गोली किशोरी के सिर में गोली लगी थी।
गोली चलाने वाला दूल्हे का जीजा
गोली चलाने वाला आरोपित दूल्हे का जीजा बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार उसने अवैध हथियार से फायरिंग की थी। यह घटना दोपहर 12.30 बजे की है। बक्सर गांव निवासी मुस्तेहसन पुत्र शकील की बरात हापुड़ के गांव पटना मुरादपुर जा रही थी। इसके पूर्व घुड़चढ़ी की रस्म चल रही थी। पुलिस के मुताबिक घुड़चढ़ी के दौरान दूल्हे के गाजियाबाद कैला भट्टा निवासी जीजा ने अवैध हथियार से हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली छत पर खड़ी होकर घुड़चढ़ी देख रही गांव निवासी 17 वर्षीय किशोरी मुस्कान पुत्री इंतजार को जा लगी।
सिर में लगी है गोली
गोली मुस्कान के सिर में लगी थी। यह देख घुड़चढ़ी में मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। किशोरी को अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसे गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद से दूल्हे का जीजा हथियार सहित फरार हो गया है।