यूपी के हापुड़ में मजाक-मजाक में चल गई गोली, फिर क्या हुआ जानने के लिए पढ़िये- पूरी खबर
हंसी ठिठौली के साथ आपस में मजाक कर रहे थे। संजय ने हाथ में तमंचा पकड़ा हुआ था। अचानक तमंचे से गोली चल गई और कासिम की जांघ में लग गई। गोली की आवाज सुनकर पेट्रोल पंप पर काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे। बाद उसकी मौत हो गई।
हापुड़ [केशव त्यागी]। गाजियाबाद से सटे हापुड़ जिले में मजाक-मजाक में गोली चलने से एक शख्स के घायल होने का मामला सामने आया है। जागरण संवाददाता से मिली जानकारी के मुताबिक, थाना देहात क्षेत्र के गांव असौड़ा निवासी व्यक्ति के पेटोल पंप के निकट बने कमरे में रहने वाले उसके नौकर के तमंचे से निकली गोली दूसरे साथी युवक की जांघ में घुस गई। वारदात के वक्त दोनों युवक आपस में मजाक कर रहे थे। आरोपित ने कुछ लोगों की मदद से घायल को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपित की तलाश की जा रही है।
गांव असौड़ा निवासी एक व्यक्ति का गांव के पास ही एक पेट्रोल पंप हैं। उसके यहां गांव असौड़ा निवासी संजय व बिहार के किशनगंज निवासी कासिम नौकरी करता था। मंगलवार रात दोनों पेट्रोल पंप के पास बने कमरे में मौजूद थे। दोनों आपस में हंसी ठिठौली के साथ आपस में मजाक कर रहे थे। संजय ने हाथ में तमंचा पकड़ा हुआ था। अचानक तमंचे से गोली चल गई और कासिम की जांघ में लग गई। गोली की आवाज सुनकर पेट्रोल पंप पर काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे।
संजय ने लोगों की मदद से कासिम को नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मामले की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर संजय फरार हो गया। उधर, उपचार के दौरान कासिम ने दम तोड़ दिया।
थाना देहात प्रभारी निरीक्षक उत्तम सिंह राठौर ने बताया कि पुलिस ने संजय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं, मृतक के स्वजन के बारे में जानकारी करने का प्रयास किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।