चार दिन बाद भी नहीं हो सकी, मृतक महिला व नवजात की शिनाख्त
संवाद सहयोगी, ब्रजघाट : गंगा घाट पर चार दिन पूर्व पड़े मिले महिला व नवजात बच्चे के शव की पु
संवाद सहयोगी, ब्रजघाट : गंगा घाट पर चार दिन पूर्व पड़े मिले महिला व नवजात बच्चे के शव की पुलिस अभी तक शिनाख्त नहीं कर सकी है। पुलिस की इस कार्यशैली पर भी सवालिया निशान उठ रहे हैं। क्योंकि इसी क्षेत्र में पूर्व में भी एक महिला व बच्ची के शव का पुलिस आज तक शिनाख्त नहीं करा पाई है।
चार दिन पूर्व तीर्थ नगरी के पुरोहित गंगा घाट पर पूजा पाठ के लिए जा रहे थे। घाट के निकट उन्होंने एक कपड़े की गठिया में एक महिला व एक नवजात बच्चे का शव बंधा हुआ देखा। शवों को देखकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस ने दोनों शवों की शिनाख्त कराए जाने का भी प्रयास किया, लेकिन शवों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है।
चार दिन बाद भी मृतकों की शिनाख्त नहीं होने से तीर्थ नगरी के लोगों में भी रोष व्याप्त है। पुलिस की इस कार्यशैली पर लोगों द्वारा सवालिया निशान उठाए जा रहे हैं। क्योंकि दो वर्ष पूर्व भी ब्रजघाट के भोगापुर गांव के प्राइमरी स्कूल में एक महिला व एक बच्ची की हत्या करने के बाद शवों को यहां फेंक दिया गया था। दो वर्ष पूर्व मिले उन दोनों शवों का अभी तक पुलिस कोई सुराग नहीं लग सकी है।
इस संबंध में डीएसपी संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि महिला की मौत प्रसव के दौरान अधिक रक्त रिसाव होने से हुआ था। महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। शीघ्र ही महिला के शव का शिनाख्त कराई जाएगी।