ब्रजघाट में 11 मौत के मामले में डीएम ने दिए मजिस्ट्रीयल जांच के निर्देश
जागरण संवाददाता हापुड़ ब्रजघाट में 11 लोगों की मौत के मामले में पुलिस प्रशासन और आबकार
जागरण संवाददाता, हापुड़
ब्रजघाट में 11 लोगों की मौत के मामले में पुलिस, प्रशासन और आबकारी विभाग के अफसर बृहस्पतिवार को दिन भर जांच में जुटे रहे। मृतकों के स्वजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। जिलाधिकारी अदिति सिंह ने मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश दिए हैं।
ब्रजघाट में बुधवार को छह लोगों की मौत के बाद बृहस्पतिवार को फिर से पांच अन्य लोगों की मौत की सूचना मिलते ही अफसरों के पसीने छूट गए। आनन-फानन में पुलिस, प्रशासन और आबकारी विभाग के अफसर ब्रजघाट पहुंचे और दिन भर मृतकों के स्वजन व अन्य लोगों से मृत्यु के कारणों के बारे में जानकारी ली।
अपर जिलाधिकारी जयनाथ यादव ने बताया कि बिट्टू 17 नवंबर को अपनी ससुराल नागफनी मुरादाबाद गए थे। तबीयत खराब होने पर 18 नवंबर को मुरादाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उनको वेंटिलेटर पर रखा गया। ब्रेन हेमरेज होने पर मृत्यु हो गई। नीटू एक होटल पर कार्य करता था। दो माह पहले उसे कुत्ते ने काटा था। उसकी हड्डियों में बुखार तथा टायफाइड था। जिसको ब्रजघाट के निजी चिकित्सक को दिखाया गया। जहां इलाज के दौरान ग्लूकोज भी चढ़ाया गया। इसके बाद स्वजन उसे घर ले गए जहां उसकी मौत हो गई। इसी प्रकार राजू व एक अज्ञात व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी। वहीं नयाबांस निवासी गंगाराम एक माह से बीमार था। बीमारी के कारण मृत्यु होना पता चला है।
उन्होंने बताया कि किसी भी मृतक के स्वजन द्वारा मृत्यु के संबंध में कोई तहरीर नहीं दी गई और न ही पोस्टमार्टम के लिए कहा गया। जांच के दौरान ऐसा कोई प्रकरण संज्ञान में नहीं आया जिससे यह सिद्ध होता हो कि मृतक व्यक्तियों द्वारा अवैध या जहरीली शराब का सेवन किया गया हो। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि अवैध शराब की तलाश में दबिश दिलाई जा रही है। आसपास की पांच दुकानों से शराब का नमूना लिया गया है। जिसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
जिलाधिकारी अदिति सिंह ने ब्रजघाट में हुई मौत के मामले में उपजिलाधिकारी (न्यायिक) को मामले की मजिस्ट्रीयल जांच के निर्देश दिए हैं। उपजिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल यादव ने बताया कि इस संबंध में अगर किसी को लिखित अथवा मौखिक साक्ष्य, घटना के संबंध में आडियो या वीडियो देनी है तो 25 दिसंबर तक उन्हें किसी भी कार्य दिवस में दे सकते हैं।