सांसद वरुण गांधी के खिलाफ किया प्रदर्शन
जागरण संवाददाता हापुड़ राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा तहसील चौराहा
जागरण संवाददाता, हापुड़
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा तहसील चौराहा पर चौधरी चरण सिंह की मूर्ति के सामने पीलीभीत से भाजपा सांसद वरुण गांधी के विरुद्ध नारेबाजी की। साथ ही वरुण गांधी के फोटो में आग लगाकर वरुण गांधी के प्रति अपना रोष प्रकट किया। पिछले दिनों भाजपा सांसद वरुण गांधी की एक कथित आडियो वाट्सएप पर वायल हो गई थी। आरोप है कि कथित आडियो में वरुण गांधी ने राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के एक कार्यकर्ता को फोन पर अपनी पार्टी के विधायक सहित राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष व अखिल भारतीय किसान संघर्ष समिति के संयोजक सरदार वीएम सिंह को अपशब्द कहे थे। जिससे किसानों में रोष है। किसान सरदार वीएम सिंह को अपना मसीहा मानते हैं जो पिछले 27 सालों से विभिन्न उच्च न्यायालय व सर्वोच्च न्यायालय में किसान हित के लिए लड़ते चले आ रहे हैं। चाहें गन्ना मूल्य की बढ़ोतरी हो या गन्ना मूल्य बकाया हो या बकाए पर ब्याज का मामला हो। सरदार वीएम सिंह ने अदालतों व कानून के माध्यम से किसान को उसका हक दिलवाने का काम किया है। ऐसे किसान मसीहा के लिए कोई अपशब्द कहे, इसे किसान बर्दाश्त नहीं किया। इसी कारण वरुण गांधी के विरुद्ध किसानों में भारी रोष है। तहसील चौराहे पर प्रदर्शन करने वालों में वीरेश चौधरी, अनिल, परमेंद्र, देवदत्त, हरित, मुकुल त्यागी, मुकेश त्यागी, नागेंद्र त्यागी आदि रहे।