Coronavirus: हापुड़ में तेजी से बढ़ रहा कोरोना का ग्राफ, 10 नए मरीजों में कोरोना वायरस की हुई पुष्टि
हापुड़ में कोरोना वायरस के मामलों के ग्राफ में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। गुरुवार देर रात जनपद के एक साथ दस मरीजों में कोरोना की पुष्टि हो गई।
हापुड़, जागरण संवाददाता। जनपद में कोरोना के मरीजों का ग्राफ एक बार फिर से बढ़ने लगा है। गुरुवार देर रात जनपद के एक साथ दस मरीजों में कोरोना की पुष्टि हो गई। इनमें से एक महिला मरीज नगर और नौ पिलखुवा के मरीज शामिल हैं। दस मरीजों की कोरोना की पुष्टि होते ही जनपद में अब मरीजों की संख्या बढ़कर 39 हो गई है। कोरोना के कारण पिलखुवा के एक वृद्ध की मौत भी हो गई है। मरीजों की बढ़ती संख्या देख प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप की स्थिति है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को प्रयोगशाला से बृहस्पतिवार देर रात 41 संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुईं। इनमें से दस मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। एक मरीज नगर के मोहल्ला मजीदपुरा निवासी है। दो दिन पहले ही महिला की कोठी गेट स्थित राजकीय महिला चिकित्सालय के कोविड-19 प्रसव वार्ड में प्रसव हुआ था। लेकिन, कुछ घंटे बाद ही उसके नवजात शिशु की मौत हो गई थी। महिला ने अस्पताल के चिकित्सकों और स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया था। महिला बफर जोन से थी जिसके कारण चिकित्सकों ने महिला को संदिग्ध मानते हुए सैंपल लिया था।
सात पिलखुवा रेलवे रोड स्थित मंडी निवासी एक ही परिवार के सात मरीज हैं। इनमें से तीन महिला और चार पुरुष मरीज हैं। करीब एक सप्ताह पहले इनके परिवार के 84 वर्षीय वृद्ध में कोरोना की पुष्टि हुई थी। कोरोना के कारण वृद्ध की करीब चार दिन पूर्व मौत हो गई थी। इसके बाद मृतक के पुत्र और पत्नी में भी कोरोना की पुष्टि हो गई थी। इसके अलावा पिलखुवा की घास मंडी निवासी दो मरीजों में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। इस परिवार में दो
सदस्यों में पहले भी कोरोना की पुष्टि हो चुकी है।
एक मरीज दिल्ली के अस्पताल में लैब टेक्नीशियन के रुप में कार्यरत है। उसके संपर्क में आने के कारण उसके पुत्र में भी कोरोना की पुष्टि हुई थी। हालांकि लैब टेक्नीशियन और उसका पुत्र स्वस्थ हो चुके हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रेखा शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात दस मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इनमें से एक मरीज नगर के मोहल्ला मजीदपुरा और नौ मरीज पिलखुवा के हैं। मरीजों को पहले से ही क्वारंटाइन किया हुआ था। अब सभी मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया है। जनपद में अब तक 70 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 31 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। 38 मरीजों का उपचार कराया जा रहा है। जबकि एक मरीज की मौत हो चुकी है।