अचानक से ब्रजघाट पहुंचे मुख्यमंत्री, अधिकारियों के हाथ पांव फूले
संवाद सहयोगी ब्रजघाट मुरादाबाद से गाजियाबाद जाने के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अचानक
संवाद सहयोगी, ब्रजघाट :
मुरादाबाद से गाजियाबाद जाने के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अचानक गंगानगरी ब्रजघाट स्थित गेस्ट हाउस पहुंचे। करीब पांच मिनट तक वह रुके और फिर गाजियाबाद के लिए रवाना हो गए। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त होने के कारण कई पार्टी पदाधिकारी उनके आसपास तक भी नहीं पहुंच सके। अचानक मुख्यमंत्री का काफिला रुकने से पुलिस व प्रशासन के अफसरों में अफरा -तफरी मच गई। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुरादाबाद आए थे, वहां से उन्हें हेलीकाप्टर से गाजियाबाद जाना था, लेकिन मौसम खराब होने के कारण वह सड़क मार्ग से गाजियाबाद के लिए रवाना हुए। मुख्यमंत्री के सड़क मार्ग से आने और जनपद से होकर गाजियाबाद जाने की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन के अफसरों में अफरा -तफरी मच गई। आनन- फानन में अधिकारी ब्रजघाट पहुंच गए और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कराई गई। जैसे ही मुख्यमंत्री का काफिला ब्रजघाट पहुंचा तो मुख्यमंत्री ने मां गंगा का अभिवादन करते हुए अचानक लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में काफिले को रुकवा दिया, जहां जिलाधिकारी अदिति सिंह और क्षेत्रीय विधायक कमल मलिक ने उनकी अगुवानी कर आभार जताया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त होने के कारण स्थानीय जनता तो दूर पार्टी के पदाधिकारी भी मुख्यमंत्री के आसपास तक नहीं पहुंच सके। राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन रोकने से जाम जैसी स्थिति बनी -
प्रदेश के मुख्यमंत्री के सड़क मार्ग से मुरादाबाद की ओर आने की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार आनन- फानन में राजमार्ग किनारे पहुंच गए, जिन्होंने मुख्यमंत्री के काफिले की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिसकर्मियों को तैनात करते हुए सभी कटों को बंद करा दिया। मुख्यमंत्री का आगमन होने से करीब एक घंटा पहले मुरादाबाद की तरफ जाने वाले सभी वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया था, जिसके चलते लोगों को आगे बढ़ने का मौका नहीं मिल पाया। मुख्यमंत्री की गाजियाबाद के लिए रवानगी होने के उपरांत वाहनों को आगे बढ़ने की अनुमति मिली, जिससे ब्रजघाट, पलवाड़ा रोड, महमाई रोड, स्याना चौपला, बदरखा मोड़, सिभावली, बक्सर, सिखैड़ा समेत कई स्थानों पर काफी देर तक जाम जैसी स्थिति बनने से इधर -उधर जा रहे हजारों राहगीरों को दिक्कत झेलनी पड़ी।