सावधान! फिर बढ़ने लगा प्रदूषण का स्तर
- बृहस्पतिवार की सापेक्ष शुक्रवार को 161 से बढ़कर 233 पर पहुंचा एक्यूआइ जागरण संवाददाता
- बृहस्पतिवार की सापेक्ष शुक्रवार को 161 से बढ़कर 233 पर पहुंचा एक्यूआइ जागरण संवाददाता, हापुड़
जिले की हवा फिर से जहरीली होने लगी है। रोजाना वायु गुणवत्ता सूचकांक बढ़ रहा है। बृहस्पतिवार की तुलना में शुक्रवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक में 72 अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई। शहर की आबोहवा सामान्य से चार गुना अधिक प्रदूषित हो गई है। लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी जा रही है। दीपावली पर शहर का एक्यूआइ 500 के करीब पहुंच गया था। जिससे शहर की हवा सामान्य से करीब दस गुना तक प्रदूषित हो गई थी। हालांकि 15 नवंबर की शाम हुई हल्की बारिश ने वायु प्रदूषण को कम कर दिया। जिससे एक्यूआइ 100 अंकों के नीचे चला गया था। दीपावली के बाद से वायु गुणवत्ता सूचकांक 100 से 200 के बीच बना हुआ था। बृहस्पतिवार रात आठ बजे शहर का एक्यूआइ 161 अंक पर था। लेकिन, हवा की गति धीमी होने के चलते शुक्रवार रात आठ बजे शहर का एक्यूआइ 233 अंक पर पहुंच गया। जो खराब वायु की श्रेणी में आता है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी उत्सव शर्मा का कहना है कि वायु प्रदूषण को रोकने के लिए लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं।