ब्रजघाट प्रकरण : अवैध कब्जा धारकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग
ब्रजघाट स्थित लक्ष्मणदास गरीबदास अवधूत आश्रम के स्वामी ब्रह्मस्वरूप शास्त्री ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र दिया है। जिसमें उन्होंने आश्रम पर अवैध कब्जा करने और उन्हें समर्थन करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। जिलाधिकारी ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए एआईजी स्टांप को आश्रम की रजिस्ट्री की जांच के आदेश दिए हैं।
जागरण संवाददाता, हापुड़ : ब्रजघाट स्थित लक्ष्मणदास गरीबदास अवधूत आश्रम के स्वामी ब्रह्मस्वरूप शास्त्री ने जिलाधिकारी को एक शिकायती पत्र दिया है। उन्होंने जिलाधिकारी से आश्रम पर अवैध कब्जा करने वालों और उनका समर्थन करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश देने की मांग की है। जिलाधिकारी ने एआइजी स्टांप को आश्रम की रजिस्ट्री की जांच करने के आदेश दिए हैं।
ब्रह्मस्वरूप शास्त्री ने जिलाधिकारी को बताया कि कुछ लोग एक संगठन के साथ मिलकर आश्रम की फर्जी वसीयत और फर्जी बैनामा दिखा कर उनका उत्पीड़न कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में एक व्यक्ति ने आश्रम का फर्जी बैनामा कराकर उस पर स्वामित्व बनाने की कोशिश की, जबकि आश्रम के असली मालिक वह हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपितों ने तमंचे के बल पर उन्हें आश्रम से बाहर निकाल दिया। आश्रम के ताले तोड़कर लगभग सात लाख रुपये का सामान लूट लिया। उन्होंने मांग की कि आश्रम को अवैध कब्जा धारकों से खाली कराया जाए और आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने एआईजी स्टांप को आश्रम की रजिस्ट्री के संबंध में जांच कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं।