इसरो की प्रतियोगिता में चमके बेसिक के सितारे
जागरण संवाददाता हापुड़ मेहनत करने वालों की कभी हार नहीं होती इस कहावत को सच कर
जागरण संवाददाता, हापुड़
मेहनत करने वालों की कभी हार नहीं होती, इस कहावत को सच कर दिखाया है। ग्राम नान स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय के छात्र प्रशांत, राजा एवं अरुण द्वारा इसरो साइबर स्पेस प्रतियोगिता में टाप 500 में अपना स्थान बनाकर जनपद का नाम रोशन किया है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन(इसरो) द्वारा लाकडाउन की अवधि में अखिल भारतीय स्तर पर विभिन्न वर्गों में इसरो साइबर स्पेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें देशभर से लगभग 204631 छात्रों द्वारा प्रतिभाग किया गया। प्रतियोगिताओं का आयोजन आन द स्पाट किया गया, जिसमें छात्रों को निर्धारित समय में दिए गए विषय अंतरिक्ष पर्यावरण एवं उसकी चुनौतियां विषय पर निबंध लेखन तथा भारतीय प्रमोचन यान विषय पर साइंस क्राफ्ट माडल बनाना था। इसरो द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रथम श्रेष्ठ 500 प्रदर्शन करने वालों की सूची इसरो वेब पोर्टल पर प्रकाशित की गई है, जिसमें पूर्व माध्यमिक विद्यालय नान के तीन छात्रों का चयन टाप 500 में हुआ। हमारे देश में अंतरिक्ष कार्यक्रम के जनक डॉ. विक्रम साराभाई के जन्म शताब्दी वर्ष समापन समारोह के अवसर पर परिणामों की घोषणा की गई। राष्ट्रपति ने इस अवसर पर इसरो को संबोधित किया तथा प्रतियोगिता में चयनित छात्रों के उज्जवल भविष्य के लिए मंगल कामना की। चयनित तीनों छात्रों को इसरो द्वारा मेरिट सर्टिफिकेट तथा अन्य तीन छात्र गुनगुन प्रशांत तथा शादाब को प्रतिभागिता सर्टिफिकेट प्रदान किया गया। इस अवसर पर बेसिक शिक्षा अधिकारी अर्चना गुप्ता द्वारा छात्रों को बेसिक शिक्षा विभाग का नाम रोशन करने के लिए शुभाशीष दिया। छात्रों की इस उपलब्धि पर विभाग के एसआरजी, एआरपी व समस्त स्टाफ ने छात्रों की विज्ञान शिक्षिका मोनिका राठी को बच्चों को इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग करवाने तथा उनका कुशल मार्गदर्शन करने के लिए विद्यालय के स्टाफ, विभाग के समस्त शिक्षकों तथा अधिकारी गणों द्वारा शुभकामनाएं दीं। गत वर्ष भी विद्यालय के छात्र तथा शिक्षिका राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग कर जनपद का नाम रोशन कर चुके हैं।