17 संदिग्धों में कोरोना की पुष्टि, 16 मरीज हुए स्वस्थ
जागरण संवाददाता हापुड़ जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के शुक्रवार को 17 और मरीजों में कोरोना
जागरण संवाददाता, हापुड़
जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के शुक्रवार को 17 और मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इनमें से 11 मरीजों की पुष्टि एंटीजन किट, 5 की आरटीपीसीआर और एक की ट्रूनेट लैब से हुई है। वहीं 16 और मरीज स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं। जनपद में अभी तक 3105 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को लैबों से शुक्रवार को कुछ संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई। प्राप्त हुई जांच रिपोर्ट में से 17 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार इनमें से जोगीपुरा हापुड़ के एक, नवज्योति कालोनी के एक, न्यू पन्नापुरी के एक, बदनौली के एक, रसूलपुर के एक, राजीव विहा के एक, जसरूप नगर के दो, शाहपुर के एक, बाबूगढ़ के एक, ततारपुर के एक, आवास विकास कालोनी मेरठ रोड के एक, भीमनगर के एक, फतेहपुर के एक और हापुड़ के एक मरीज शामिल हैं। चिकित्सकों ने इन सभी मरीजों को उपचार के लिए आइसोलेशन वार्डों में भर्ती करा दिया है।
वहीं 16 और मरीजों की उपचार के बाद जांच रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। जिसके बाद चिकित्सकों ने इन्हें स्वस्थ घोषित कर होम क्वारंटाइन करा दिया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रेखा शर्मा ने बताया कि 17 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। 16 मरीज स्वस्थ हो गए हैं। जनपद में अभी तक 3105 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 2863 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं। 187 मरीजों का उपचार कराया जा रहा है। जबकि 55 मरीजों की अभी तक मौत हो गई है।