लोहे की राड से वार कर व्यक्ति पर जानलेवा हमला
जागरण संवाददाता हापुड़ दिल्ली से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थाना देहात क्षेत्र के ए
जागरण संवाददाता, हापुड़
दिल्ली से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थाना देहात क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति पर कुछ आरोपितों ने लोहे की राड से वार कर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है। घायल की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद व दो अज्ञात आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इंद्रप्रस्थ कॉलोनी निवासी कंचन शर्मा ने बताया कि पति संजय शर्मा दिल्ली स्थित एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते है। वह घर पर परचून की दुकान चलाती है। पांच अक्टूबर की देर शाम पति नौकरी से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। कालोनी के रास्ते में पहुंचने पर पड़ोस निवासी मनोज ने अपने दो अज्ञात साथियों के साथ मिलकर पीड़िता के पति को जबरन रोक लिया।
विरोध करने पर आरोपितों ने गाली गलौज करते हुए पति पर लोहे की राड से वार कर दिया। इतना ही नहीं आरोपितों ने पति को बेरहमी से पीटा। शोर सुनकर आसपास के लोगों को आता देखकर आरोपित धमकी देकर फरार हो गए। मामले की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। थाना देहात प्रभारी निरीक्षक सुमन कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपित मनोज व उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।