राठ में युवक ने फंदा लगाकर दी जान
अवैध मौरंग से भरे टैऊक्टर खेतों से निकलने पर किसान ने की शिकायत
संवाद सहयोगी, राठ : कोतवाली के बरदा गांव में युवक ने फंदा लगा लिया। जानकारी होने पर स्वजन उसे सीएचसी ले गए। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, लोगों का कहना है कि पत्नी से विवाद से बाद युवक ने ऐसा कदम उठाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बरदा निवासी इंद्रपाल लोधी के दो पुत्र पप्पू और ज्ञान सिंह हैं। पिता के नाम करीब 15 बीघा जमीन है। इस पर दोनों भाई खेती कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। इंद्रपाल ने बताया कि उसके पुत्र अलग-अलग रहते थे। शनिवार की रात करीब आठ बजे 36 वर्षीय ज्ञान सिंह की पत्नी घर के अंदर काम कर रही थी। तभी ज्ञान सिंह ने घर के छप्पर में रस्सी से फंदा लगा लिया। कुछ देर बाद जब पत्नी ने आकर देखा तो शोर मचाने लगी। महिला के चिल्लाने की आवाज सुन ग्रामीणों की भीड़ लग गई। परिजन आनन-फानन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बारे में बताया जाता है कि किसी बात को लेकर पति पत्नी के बीच विवाद हो गया था। मृतक अपने पीछे एक मासूम पुत्री छोड़ गया है। कोतवाल मनोज कुमार ने बताया घटना की जांच कराई जा रही है।