युवक की संदिग्ध हालात में मौत, जांच में जुटी पुलिस
संस राठ कोतवाली क्षेत्र के टिकरिया गांव में शुक्रवार को 40 वर्षीय युवक की बीमारी के क
संस, राठ : कोतवाली क्षेत्र के टिकरिया गांव में शुक्रवार को 40 वर्षीय युवक की बीमारी के कारण मौत हो गई है।
कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत टिकरिया गांव निवासी 40 वर्षीय अवधेश पुत्र सरमन राजपूत की शुक्रवार सुबह 3:30 बजे उल्टी दस्त से हालत बिगड़ गई। आनन फानन स्वजन उसे सरकारी अस्पताल लाए। जहां उसकी मौत हो गई। मृतक अवधेश भूमिहीन था। वह मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। उसकी मौत पर पत्नी बबली, पुत्री रूबी, शुबी और पुत्र यश का रो रोकर बुरा हाल है। गांव में गत दिन बुधवार को 40 वर्षीय संतोष पुत्र बाबू राजपूत और गुरुवार को 40 वर्षीय रमेश पुत्र उदित नारायण की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। गांव के सुनील पुत्र मदनपाल सिंह ने बताया की चाचा संतोष, रमेश और अवधेश ने बुधवार की रात एक साथ शराब का सेवन किया था। जिससे सभी की हालत बिगड़ गई थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। गुरुवार को पुलिस गांव पहुंची और छानबीन की। जहां अवधेश की हालत खराब होने पर उससे पूछताछ की तो उसने पुलिस को बताया था गत दो-तीन दिन से भूख न लगने की शिकायत है।
सुनील ने बताया कि चाचा संतोष के पास एक बीघा कृषि योग भूमि है। जिस पर खेती करते थे। उनकी मौत के बाद चाची राजकुमारी, उनकी पुत्री रवीना, सीता और पुत्र उमाकांत बेहाल हैं। वही मृतक रमेश अपने पीछे पत्नी रेखा और तीन बच्चों को रोते बिलखते छोड़ गया है। इंस्पेक्टर राजेशचंद्र त्रिपाठी ने बताया गांव में दो व्यक्तियों की मौत की सूचना के बाद गुरुवार को पुलिस भेजी गई थी। जहां अवधेश की हालत खराब होने पर स्वजन से अस्पताल ले जाने की बात कही गई थी। इनकी मौत शराब पीने से नहीं हुई। अभी इनका एक और साथी कहीं बरात में गया है। आने पर उसकी जांच कराई जाएगी।