रेलवे क्रॉसिग में जाम लगने से चार घंटे ठप रहा यातायात
संस भरुआ सुमेरपुर बुधवार को इंटरसिटी ट्रेन गुजरने के बाद रेलवे क्रासिंग पर वाहनों के
संस, भरुआ सुमेरपुर : बुधवार को इंटरसिटी ट्रेन गुजरने के बाद रेलवे क्रासिंग पर वाहनों के आड़ा तिरछा खड़े होने से जाम की स्थिति हो गई। पुलिस ने चार घंटे कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। जाम की मुख्य वजह केन नदी की खदानों से आने वाले ओवरलोड ट्रक बनते हैं।
बुधवार दोपहर एक बजे इंटरसिटी एक्सप्रेस के गुजरने के बाद बांदा मार्ग पर बनी क्रासिंग का फाटक खुलते ही वाहनों के आड़ा तिरछा घुसने से भीषण जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंस गए। जाम लगने से यात्री बसों के साथ एंबुलेंस व छोटे वाहन भी फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर चार घंटे बाद यातायात सामान्य कराया। स्थानीय निवासियों के अनुसार जाम की मुख्य वजह केन नदी की खदानों से आने वाले मौरंग भरे ओवरलोड ट्रक बनते हैं। जल्द निकलने के चक्कर में यह आड़ा तिरछा खड़े हो जाते हैं। आड़ा तिरछा खड़ा होते ही जाम का झाम पैदा हो जाता है। इसी वजह से रेलवे क्रॉसिग में आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है। रेलवे फाटक बंद होते ही दोनों तरफ वाहनों के डबल लाइन में खड़ा होने से समस्या बढ़ती है। जैसे ही फाटक खुलता है जल्द निकलने के चक्कर में भारी वाहन आमने सामने आ जाते हैं। जगह का अभाव होने के कारण वाहन क्रासिग के दोनों ओर फंस जाते हैं और जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है। स्थानीय लोगों के मुताबिक रेलवे फाटक पर पुलिस की ड्यूटी लगनी चाहिए। तभी जाम की समस्या से निजात मिल सकती है।