प्रवासी मजदूरों का धैर्य टूटा, अपने घरों को लौटने लगे लोग
जागरण संवाददाता हमीरपुर कोरोना के बढ़ते संक्रमण के चलते कहीं लॉकडाउन न लग जाए। इ
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : कोरोना के बढ़ते संक्रमण के चलते कहीं लॉकडाउन न लग जाए। इसके डर से अपने गांव से दूर मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करने वाले प्रवासी मजदूर फिर से अपने गांव व घरों को लौट रहे हैं। मजदूरों का कहना है कि पता नहीं कब लॉकडाउन लग जाए और उन्हें पैदल ही पलायन करना पड़े। इससे पहले वह खुद सुरक्षित अपने घरों को पहुंच जाएं।
बढ़ते कोरोना संक्रमण के कारण एक बार फिर से प्रवासी मजदूरों का पलायन तेजी के साथ शुरू हो गया है। देशभर में जिस तरह से कोरोना ने रफ्तार पकड़ी है। उससे लग रहा है कि पता नही कब एक बार फिर से लॉकडाउन जैसी स्थितियां बन जाए। जिसको लेकर एक बार फिर से मजदूरों के पलायन का दौर तेजी के साथ शुरू हो गया है। सूरत, अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली आदि क्षेत्रों में मजदूरी करने वाले लोगों को लॉकडाउन का भय सताने लगा है। जिसके चलते वह लोग अपने घरों को लौटते नजर आ रहे हैं। बुधवार को मुख्यालय के बस स्टैंड से एक प्रवासी मजदूरों का जत्था अपने घरों को जाते दिखा। जत्थे में शामिल राजकुमार, विनोद व सुधीर ने बताया कि वह लोग अहमदाबाद में काम करते हैं और बांदा जनपद के रहने वाले है। घर में शादी है और लॉकडाउन का भी भरोसा नहीं है कि पता नहीं कब स्थितियां बिगड़ जाएं। इससे पहले ही वह अपने घर को जा रहे हैं। ताकि उन्हें पहले जैसे दौर से न गुजरना पड़े।