तापमान 43 डिग्री पहुंचा, सड़कों पर सन्नाटा
जागरण संवाददाता हमीरपुर मार्च के अंतिम दिनों से गर्मी अपना असर दिखाने लगी है। मंगलवार को
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : मार्च के अंतिम दिनों से गर्मी अपना असर दिखाने लगी है। मंगलवार को दोपहर में तापमान 43 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान में 24 डिग्री रिकार्ड किया गया। तापमान बढ़ने के साथ ही लोगों को तेज गर्मी और लू के थपेड़ों ने खासा परेशान किया। जिसके कारण सारा दिन सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा और लोग घरों में कैद रहे।
पिछले दिनों से तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। मंगलवार को हालात यह हो गए कि तापमान 43 डिग्री पहुंच गया और लोग लू के थपेड़ों से परेशान होकर घरों में कैद रहने को मजबूर हुए। देरशाम तक गर्म हवाएं चलती रहीं। लोगों को लू का अहसास हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र ने लगातार गर्मी बढ़ने की संभावनाएं व्यक्त की हैं। जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ.आरएस प्रजापति ने बताया कि गर्मी में धूप से आने पर तुरंत ही ठंडा या फ्रिज का पानी न पिएं। तेज गति से बाइक या साइकिल न चलाएं। इससे लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। बाजार में बिकने वाले जूस, पुदीना पानी और बाहर के तले हुए भोजन से परहेज करें। गर्मी से बचाव के लिए क्या करें - शरीर को पूरी तरह से ढक कर रखें। घर में बना हुआ ताजा भोजन करें। अपने साथ पानी की एक बोतल रखें। बाहर निकलते समय सिर पर गमछा, स्टॉल या टोपी का प्रयोग करें।
जायद फसलों के लिए मुफीद जिला कृषि अधिकारी डॉ. सरस तिवारी के अनुसार दलहनी, तिलहनी फसलें कट चुकी है। वहीं गेहूं भी पककर कटाई योग्य हो गया है। ऐसे में रबी की फसलों के लिए मौसम का कोई फर्क नहीं पड़ेगा। वहीं जायद फसलों के लिए अधिक तापमान व लू मुफीद रहती है। ककड़ी, खरबूजा तरबूज के अलावा मूंग के लिए लू अच्छी मानी जाती है। यदि पुरवाई हवाएं चलती है तो इनमें कीट का प्रकोप बढ़ जाता है।