इस मौसम की पौष्टिक सब्जी सनई के फूल
संवाद सूत्र कुरारा स्थानीय कृषि विज्ञान केंद्र में विश्व खाद्य दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित
संवाद सूत्र कुरारा : स्थानीय कृषि विज्ञान केंद्र में विश्व खाद्य दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें किसानों को रबी फसल से संबंधित जानकारी कृषि वैज्ञानिकों ने दी।
केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक व अध्य्क्ष डा मो. मुस्तफा ने बताया कि किसान दलहनी फसलों में क्षेत्र अनुकूलित उकठा अवरोधी प्रजातियों का चयन करके बुवाई करे। साथ ही दैनिक आहार में दाल, अनाज, मौसम के फल दूध को शामिल करने की सलाह दी। वहीं डा. एसपी सोनकर ने फसल चक्र अपनाकर अधिक पैदावार लेने की जानकारी दी। इसी प्रकार डा. फूलकुमारी ने दैनिक आहार में संतुलित मात्रा में सभी पोषक तत्वों की प्राप्ति के लिए स्थानीय अनाज का मिश्रित सेवन करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि सनई के फूल इस मौसम की पौष्टिक सब्जी है। इसमें विटामिन ए, सी, आयरन प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। कुपोषण से निवारण के लिए सनई का फूल वरदान साबित हो सकता है। महिलाओं को जागरूक करने के लिए पोषक थाली का सजीव प्रदर्शन किया। डा. चंचल सिंह ने खाद्यान्नों की हो रही अनावश्यक बर्बादी पर ध्यान देने की जरूरत बताई। वहीं डा. शालिनी ने पुराने अनाज ज्वार, बाजरा, कोदो आदि के प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। इस कार्यक्रम में 45 महिलाओं ने प्रतिभाग किया।