गणतंत्र दिवस आज, आठ टोलियां करेंगीं मार्च पास्ट
जागरण संवाददाता हमीरपुर गणतंत्र दिवस को लेकर हर तरफ उत्साह नजर आ रहा है। मुख्याल
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : गणतंत्र दिवस को लेकर हर तरफ उत्साह नजर आ रहा है। मुख्यालय स्थित परेड मैदान में आचार संहिता का पालन करते हुए सादगी के साथ इस राष्ट्रीय पर्व को मनाया जाएगा। इस वर्ष परेड में कुल आठ टोलियां मार्च पास्ट करेंगी। जिसमें होमगार्ड व महिला टोली भी शामिल रहेगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीएम डा.चंद्रभूषण के द्वारा ध्वजारोहण कर सलामी ली जाएगी।
प्रतिसार निरीक्षक अवधेश कुमार यादव ने बताया कि हर वर्ष एनसीसी की टोली भी परेड में प्रतिभाग करती थी। लेकिन इस वर्ष कोरोना को देखते हुए यह टोली प्रतिभाग नहीं करेगी। उन्होंने बताया कि होमगार्ड, महिला टोली समेत कुल आठ टोलियां परेड में मार्च पास्ट करेंगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक टोली में एक कमांडर के साथ आठ जवान शामिल होंगे। इसके अलावा मोटर साइकिल दस्ता, फायर सर्विस, डायल 112, 1090, एंटी रोमियो व डाग स्क्वायड की टीम भी प्रतिभाग करेंगी। कोरोना संक्रमण देखते हुए मास्क पहनकर सभी जवान मार्च पास्ट करेंगे। मार्च पास्ट में प्रथम कमांड सीओ सदर विवेक यादव, द्वितीय कमांड आरई अवधेश कुमार यादव व तृतीय कमांड निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप यादव संभालेंगे।
परेड मैदान की रंगोली रहेगी आकर्षण का केंद्र : महिला आरक्षी प्रियंका यादव, सोनी यादव, अर्चना यादव, रोशनी यादव, हिमानी दुबे, प्रियंका मिश्रा, प्रतिभा सिंह, सुनीता बघेल, नाजिया, अनामिका, प्रीति यादव समेत अन्य महिला आरक्षियों ने परेड ग्राउंड में सुंदर रंगोलियां तैयार की हैं। जो परेड में आकर्षण का केंद्र रहेंगी।