चौपाल में राजा बुंदेला ने किसानों का जाना हाल
संवाद सूत्र पौथिया किसान चौपाल यात्रा पर बुंदेलखंड भ्रमण पर निकले बुंदेलखंड विकास बोर्ड के
संवाद सूत्र, पौथिया : किसान चौपाल यात्रा पर बुंदेलखंड भ्रमण पर निकले बुंदेलखंड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष राजा बुंदेला सुमेरपुर ब्लाक के पौथिया गांव में किसानों से रूबरू हुए। उन्होंने चौपाल में किसानों से सीधा संवाद कर जहां कृषि बिल की जानकारी दी। वहीं उनकी समस्याएं भी पूछी।
शनिवार देर शाम पौथिया गांव स्थित एसवी इंटर कॉलेज मैदान में बुंदेलखंड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष राजा बुंदेला किसान चौपाल में शामिल हुए। ग्राम प्रधान आनंद अशोक सचान ने उनका स्वागत कर वहां मौजूद किसानों से परिचय कराया। राजा बुंदेला ने किसानों को संसद में पास हुए कृषि विधेयक के बारे में जानकारी दे उनकी राय जानी। कहा, बुंदेलखंड का किसान भी अब पंजाब व केरल की तर्ज पर खेती कर सकेगा। बिजली, पानी, अन्ना मवेशियों जैसी समस्याओं को दूर किया जा रहा है। यहां मौजूद किसानों ने अन्ना मवेशियों की समस्या रखीं। साथ ही ग्राम प्रधान ने सहुरापुर-कीरतपुर जर्जर नहर को दो किमी. तक सीसी कराने की मांग की। वहीं, क्षेत्र पंचायत सदस्य दया तिवारी ने गांव में महिला डिग्री कॉलेज स्थापित कराने की मांग की। इस मौके पर भाजपा युवा मोर्चा बुंदेलखंड प्रभारी पंकज चौधरी, मुख्य विकास अधिकारी कमलेश कुमार वैश्य, डीडीओ विकास मिश्रा, डीपीआरओ, बीडीओ समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।