गर्भवती की संदिग्ध अवस्था में मौत, हत्या का आरोप
ससुरालियों ने महिला को उसके बच्चों के साथ घर से बाहर निकाला
संवाद सहयोगी, राठ : चिकासी थाना क्षेत्र के बंगरा गांव में गर्भवती महिला की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर सीएचसी नौरंगा लेकर पहुंचे। यहां महिला ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत पर पिता ने ससुरालीजनों के विरूद्ध दहेज की मांग पूरी न होने पर महिला की मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका के पिता ने ससुरालीजनों के विरूद्ध थाने में तहरीर दी है।
मुस्करा कस्बा निवासी शमसुददीन ने बताया कि दो पुत्री शबनम और नाजमा है। बीते तीन साल पहले दोनों पुत्रियों की शादी की थी। बताया शबनम की शादी मझगवां थाने क्षेत्र के अटगांव निवासी अनीस के साथ और नाजमा की शादी चिकासी थाने के बंगरा में की थी। शादी के बाद से ही उसकी छोटी पुत्री नाजमा के ससुरालीजन दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे थे। आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर आए दिन ससुरालीजन उसकी पुत्री के साथ मारपीट करते थे। कई बार गांव में पंचायत हुई। बताया कि कुछ दिनों तक ससुरालीजन उसे अच्छे से रखते थे फिर दहेज की मांग करना शुरू कर देते थे। आरोपित किया कि पुत्री के ससुरालीजन दहेज में एक लाख रुपये और एक बाइक की मांग कर रहे थे। आरोपित किया कि मंगलवार की शाम करीब सात बजे उसकी पुत्री के साथ मारपीट की। मारपीट करने के दौरान उसकी 8 माह की गर्भवती पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गई। इसे इलाज के लिए ससुरालीजन नौरंगा सीएचसी ले गए। यहां उसकी मौत हो गई। मृतक महिला अपने पीछे डेढ़ वर्षीय पुत्री छोड़ गई है। मृतका के पिता ने थाने में पति, सास, ससुर, जेठ, देवर, ननद के विरूद्ध थाने में तहरीर दी है। चिकासी थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी।