सपाइयों के आने की खबर से बरसते पानी में खड़ी रही पुलिस
सपाइयों के आने की खबर से बरसते पानी में खड़ी रही पुलिससपाइयों के आने की खबर से बरसते पानी में खड़ी
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : कबरई के क्रशर व्यापारी की हत्या के बाद स्वजन से सपा नेताओं के मिलने जाने की सूचना को लेकर बुधवार सुबह से ही मुख्यालय के यमुना पुल में पुलिस अलर्ट नजर आई। सदर कोतवाली व महिला थाना समेत कई थानों का पुलिस बल कानपुर सागर हाईवे में तैनात रहा। वहीं, सीओ सदर अनुराग सिंह मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते नजर आए। इस दौरान करीब 15 गाड़ियों का चालान किया गया।
बुधवार की सुबह पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय समेत कई सपा नेताओं के कबरई जाने की सूचना जैसे ही पुलिस को लगी। पुलिस अलर्ट हो गई। मुख्यालय के यमुना पुल को छावनी बना दिया गया। कोतवाल एसपी पटेल समेत महिला थानाध्यक्ष रीता सिंह, कुछेछा चौकी इंचार्ज पंकज तिवारी, एसएसआइ संजय वर्मा, महिला दारोगा संगीता यादव समेत रानी लक्ष्मीबाई पार्क में कुरारा एसओ अनिरुद्ध सिंह भारी पुलिस बल के साथ तैनात रहे। बरसते पानी में सुबह से ही पुलिस हाईवे पर सपाइयों के वाहनों पर टकटकी लगाए रहे। सपा झंडा लगा जो भी वाहन आया उसे वापस कर दिया गया। जैसे ही पुलिस को सूचना लगी कि सपा नेताओं को कानपुर में ही रोक दिया गया। इसके बाद उन्होंने राहत की सांस ली।