सौतेले पिता की पिटाई से बच्चे के शव को बरामद में जुटी पुलिस
संस भरुआ सुमेरपुर सौतेले पिता के हाथों मौत के गाल में समाए बालक का शव बरामद करने की
संस, भरुआ सुमेरपुर : सौतेले पिता के हाथों मौत के गाल में समाए बालक का शव बरामद करने की कवायद में पुलिस जुट गई है। ईद के अवकाश के कारण शुक्रवार को पुलिस के हाथों अस्पताल से जरूरी कागजात नहीं लगे थे। हत्यारोपित सौतेला पिता पुलिस की पकड़ से दूर है।
अमिलिया बाड़ा मोहाल में 12 मई को सौतेले पिता की पिटाई से मरणासन्न हुए पांच वर्षीय बालक की कानपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। मौत के बाद सौतेला पिता संतोष वर्मा बच्चे के शव को गायब करके फरार हो गया था। मृतक के मामा सर्वेश कुमार ने 13 मई को पुलिस से न्याय की गुहार लगाई थी। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था। 14 मई को किसी तरह की कार्रवाई न होने पर महिलाओं ने थाने में हंगामा किया था। इसके बाद सक्रिय हुई पुलिस मामले की छानबीन के लिए कानपुर गई थी लेकिन ईद का अवकाश होने के कारण कागजात अस्पताल से नहीं मिल सके थे। शनिवार को पुलिस पुन: अस्पताल से कागजात लेने गई थी। कागजात मिलने के बाद पुलिस अब शव बरामद करने की कवायद में जुट गई है। मृतक की मां सुमन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अभी तक वह पुलिस को बताया है कि घटना पिटाई से नहीं बल्कि निर्माणाधीन मकान की दीवार से गिरने के कारण हुई है। जबकि शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि घटना पिटाई के बाद हुई है। जिसके पर्याप्त साक्ष्य मौजूद है। घटना की असली वजह का पता बालक का शव मिलने के बाद पोस्टमार्टम के बाद होगा। वहीं बालक का शव तभी बरामद होगा जब आरोपी संतोष वर्मा पुलिस की गिरफ्त में आएगा। बताते हैं कि इसने शव को गंगा की रेती में दफनाने की बात मोहल्ले में बताई थी। थानाध्यक्ष वीरेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि विवेचना जारी है। शव मिलने के बाद ही घटना की असली वजह सामने आएगी।