कानपुर की घटना से पुलिस अलर्ट, चेक किए वाहन
कानपुर की घटना से अलर्ट हुई पुलिस चेक किए वाहनकानपुर की घटना से अलर्ट हुई पुलिस
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : कानपुर के चौबेपुर बिकरू गांव में गुरुवार रात पुलिस जवानों पर ताबड़तोड़ गोली बरसाने वाले लोगों के फरार होने के बाद पूरे उत्तर प्रदेश की सीमाओं को सील करते हुए सघन चेकिग अभियान चलाया गया। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस भी अलर्ट रही। कोतवाल एसपी पटेल ने पुलिस बल के साथ कानपुर बार्डर के यमुना पुल पर वाहनों की चेकिग की। इस दौरान उन्होंने चार पहिया वाहनों की डिग्गी खोलकर चेक किया और उसमें बैठे लोगों के आधार कार्ड भी देखे।
कानपुर के चौबेपुर बिकरू गांव में सीओ, इंस्पेक्टर, दारोगा समेत आठ जवान शहीद होने की घटना के बाद पुलिस अलर्ट हुई। अपराधियों को पकड़ने के लिए सभी जिलों में सघन चेकिग अभियान चलाया गया। शुक्रवार सुबह कोतवाल एसपी पटेल, एसएसआई संजय वर्मा, महिला दारोगा संगीता यादव, एसआई आनंद साहू ने दोपहर दो बजे तक वाहन चेकिग अभियान चलाकर कानपुर से आने वाले हर वाहन की चेकिग की और गाड़ी के अंदर बैठे जो लोग मास्क व साफी बांधे हुए थे उनके मुंह खुलवाकर भी देखे और आधार कार्ड चेक किए। अभियान से लोगों में अफरा तफरी का माहौल भी बना रहा।