सर्दी व कोहरे से पीली पड़ने लगी मटर व मसूर की फसल
संवाद सहयोगी भरुआ सुमेरपुर सर्दी व कोहरे के प्रकोप से मटर व मसूर की फसलें पीली पड़ने
संवाद सहयोगी, भरुआ सुमेरपुर : सर्दी व कोहरे के प्रकोप से मटर व मसूर की फसलें पीली पड़ने लगी है। फसलों का 50 फीसद से अधिक फूल कोहरे के कारण नष्ट हुआ है। इससे किसानों की धड़कनें बढ़ गई हैं। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार फसलों को अब धूप के साथ पछुआ हवाओं की जरूरत है।
बारिश के बाद सर्दी व कोहरे का प्रकोप बढ़ने से गहराई वाले इलाकों में बोई गई मटर व मसूर की फसलें प्रभावित होने रही है। किसानों के अनुसार दोनों फसलों में पीलापन नजर आने लगा है। अगर मौसम का यही हाल बना रहा तो इन दोनों फसलों में विपरीत असर पड़ सकता है और उत्पादन प्रभावित होगा। क्षेत्र में कृषि योग्य भूमि के 70 फीसद हिस्से में किसानों द्वारा मटर की फसल बोई गई है। बारिश के चलते गहरे खेतों में जलभराव हो जाने से इस फसल पर विपरीत असर पड़ा है। धूप के अभाव में इनकी ग्रोथ प्रभावित हो रही है। पीलापन नजर आने से किसान चितित होने लगा है। किसान सुरेश यादव, ज्ञान सिंह, राजू यादव, उदयभान, सुरेश गुप्ता, घसीटा गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, मुन्ना मिश्रा, भूपेंद्र यादव आदि ने बताया कि बारिश के बाद बढ़ी सर्दी व कोहरे ने दलहनी फसलों पर विपरीत असर डाला है। अगर मौसम का यही हाल और कुछ दिन बना रहा तो मटर मसूर की फसलें बर्बाद हो सकती हैं। कृषि रक्षा इकाई के तकनीकी सहायक अजीत शुक्ला के अनुसार बारिश के बाद दलहनी फसलों को धूप की जरूरत है। धूप के साथ पछुआ हवा चलने से इन फसलों में सुधार हो जाएगा।