ट्रांसपोर्ट कंपनी में लगे ताले
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : आल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के आह्वान पर विभिन्न मांगों
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : आल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के आह्वान पर विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार से देशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल के चलते ट्रकों के चक्के जाम हो गए हैं। जिससे शहर में खुली ट्रांसपोर्ट कंपनियों में भी माल न आने के कारण उनमें ताले लटक गए। संचालकों का कहना है कि जब सामान ही नहीं आएगा तो कंपनी खोलने से कोई फायदा नहीं है।
शुक्रवार से पूरे देश में ट्रांसपोर्टरों ने हड़ताल कर दी है। जिससे ट्रकों के चक्के जाम हो गए हैं। वहीं जो सामान व्यापारियों का ट्रांसपोर्ट के जरिए आना था। वह लटक गया। सामान न आने के कारण व्यापारियों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों का कहना है कि इस हड़ताल से उनके व्यापार में काफी नुकसान होगा। वहीं ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल के चलते गाड़ियां न आने से शहर में खुली चारों ट्रांसपोर्ट कंपनी भी बंद हो गई है। जिनमें ताले लटकते नजर आ रहे हैं। इससे लाखों का नुकसान हो रहा है। शहर में कुल चार ट्रांसपोर्ट खुले हैं। जिनमें हमीरपुर कुरारा ट्रांसपोर्ट कंपनी, संकट मोचन, काशई रोड लाइंस के अलावा एक अन्य ट्रांसपोर्ट कंपनी जो कि शनिवार को बंद मिली। हमीरपुर कुरारा ट्रांसपोर्ट कंपनी के मैनेजर रामविलास ने बताया कि ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल से उनके व्यवसाय में काफी अंतर पड़ रहा है। प्रतिदिन का माल दुकानों में आता था जो कि अब बंद पड़ा है। इससे लाखों का नुकसान भी हो रहा है।