पत्नी की हत्या का आरोपित पति गिरफ्तार
संस भरुआ सुमेरपुर चार सितंबर को पति के हाथों मारपीट का शिकार होकर उपचार के दौ
संस, भरुआ सुमेरपुर : चार सितंबर को पति के हाथों मारपीट का शिकार होकर उपचार के दौरान जान गंवाने वाली महिला के पति को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेजा है।
कस्बे के बस स्टैंड के पास रहने वाले आशीष उर्फ लिटिल विश्वकर्मा का गत चार सितंबर को किसी बात को लेकर 25 वर्षीय पत्नी आरती से विवाद हो गया था। पत्नी की हरकतों से परेशान लिटिल ने उसे जमकर पीटा था और मरणासन्न हालत में घर पर छोड़कर भाग गया था। घटना की जानकारी होने पर स्वजन उसे उठाकर उपचार के लिए सदर अस्पताल ले गए थे। सदर अस्पताल से उसे कानपुर रेफर किया गया था। कानपुर में उपचार के दौरान पांच सितंबर को आरती की मौत हो गई थी। मृतका के पिता शिवनरायन विश्वकर्मा निवासी बिनगवां थाना बिधनू कानपुर नगर ने दामाद लिटिल पर पुत्री को प्रताड़ित कर ईट मारकर हत्या करने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया था। थानाध्यक्ष बीपी सिंह ने बताया कि मंगलवार को सुबह उसे कस्बे के पेट्रोल पंप के समीप से दबोचकर जेल भेजा गया है। लिटिल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या करने का मुकदमा दर्ज है।