पहले खुद समझें, तभी दूसरे समझेंगे
जागरण संवाददाता महोबा ये दो तस्वीरें ही हकीकत
जागरण संवाददाता, महोबा : रुको-रुको..। परमानंद तिराहे पर यातायात सिपाही की आवाज पर बाइक चालक रुकता है। हेलमेट क्यों नहीं पहना? जवाब आता है कि जल्दी में भूल गया सर। सिपाही ने कहा, चलो चालान कराओ। इस पर बाइक सवार युवक बोला, आगे से पहनेंगे सर। लेकिन, सिपाही नहीं मानता है और चालान हो जाता है। ऐसी ही तस्वीर शहर में हर शाम दिखाई देती है। इससे अंदाजा लगा सकते हैं कि यातायात नियमों का पालन कराने के लिए पुलिस कितनी संजीदा है। मगर, निगाहें दूसरी तरफ मुड़ती हैं तो पुलिस कर्मी ही सीट बेल्ट और हेलमेट को नजरअंदाज करते हुए वाहनों से फर्राटा भरते नजर आते हैं।
दूसरों को नियमों का पालन करने की सीख देने वालों को पहले खुद ही जागरूक होना पड़ेगा। कई बार तो चंद रुपये मिलते ही बड़ी से बड़ी खामी होने पर भी वाहनों को जाने दिया जाता है। सड़क दुर्घटनाएं बढ़ने की मुख्य वजह यह भी है। ऐसे में दूसरों को जगाने वाले खुद सोए हुए हैं, यह कहना गलत नहीं होगा। हालांकि यातायात पुलिस के मुताबिक नवंबर माह में नियम तोड़ने पर आधा दर्जन पुलिस कर्मियों के चालान किए गए हैं।
..तो आम लोगों के लिए वन-वे
सुभाष चौक से ऊदल चौक मुख्य बाजार जाने वाले वाहनों के लिए वन-वे व्यवस्था है। मगर, पुलिस कर्मी वन-वे का उल्लंघन कर वाहनों से निकल जाते हैं। आमजन ने गलती से भी नियम तोड़ा तो उनका चालान कर दिया जाता है।
-----------
सभी को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। पुलिस भी अभियान चला रही है यह सराहनीय है। कुछ ऐसे भी हैं जिन पर नियमों का पालन कराने की जिम्मेदारी है लेकिन वही नियमों का पालन नहीं कर रहे है। उन पर भी कार्रवाई हो।
-रामजी गुप्ता, जिलाध्यक्ष संयुक्त व्यापार मंडल अब लोग नियमों के प्रति जागरूक हो रहे है। अनदेखी करने वालों का चालान हो रहा है। नियमों का तो सभी को पालन करना चाहिए। अनदेखी करने वाले पुलिस कर्मियों का भी चालान होना चाहिए ताकि समाज में बेहतर संदेश जाए।
-राजीव शुक्ला, नगर उपाध्यक्ष व्यापार मंडल
----------
क्या कहते हैं जिम्मेदार
यातायात नियमों की अनदेखी पर पुलिस कर्मियों के भी चालान किए जा रहे हैं। नवंबर माह में सात पुलिस कर्मियों के चालान कर जुर्माना वसूला गया। यातायात नियम तोड़ने पर कार्रवाई की जाएगी।
-केके शर्मा, यातायात उपनिरीक्षक