कांशीराम कॉलोनी के नलकूप की फुंकी मोटर, महिलाओं ने किया प्रदर्शन
जागरण संवाददाता हमीरपुर मुख्यालय के रानी लक्ष्मीबाई पार्क के पास स्थित कांशीराम कालोनी मे
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : मुख्यालय के रानी लक्ष्मीबाई पार्क के पास स्थित कांशीराम कालोनी में नलकूप की मोटर फुंक जाने से वहां पर रहने वाले लोगों के सामने पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गई है। जिसके चलते शनिवार को वहां की महिलाओं ने खाली बर्तन लेकर प्रदर्शन किया और शीघ्र नलकूप की मोटर को सही कराने की मांग प्रशासन से की है।
हर वर्ष मुख्यालय के कांशीराम कॉलोनी में रहने वाले लोगों को पेयजल समस्या से जूझना पड़ता है। यहां पर स्थापित नलकूप की मोटर अधिकांश गर्मी के मौसम में फुंक जाती है। जिसके कारण लोगों को हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ता है। कांशीराम कालोनी परिसर में लगे कई हैंडपंप भी खराब पड़े हैं। जिसके कारण कुछेक हैंडपंपों के सहारे लोगों को पानी मिल पाता है। जिसके कारण लोगों को लाइन लगाकर पानी भरना पड़ता है। शनिवार को भी कुछ इसी तरह के हालात देखने को मिले। कई महिलाएं हैंडपंप में लाइन लगाकर पानी भरती नजर आईं। महिलाओं ने बताया कि कांशीराम कॉलोनी में लगे नलकूप की मोटर फुंकने की समस्या आम हो गई है। जिसके कारण उन्हें पेयजल समस्या से जूझना पड़ता है। मोटर सही न होने के कारण उन्हें तीन मंजिला ऊपर तक पानी भरकर ले जाना पड़ता है। जिससे काफी परेशानी होती है। महिलाओं ने खाली बर्तन लेकर इसका विरोध किया और शीघ्र मोटर सही कराने की मांग की। बीते वर्ष भी गर्मी के मौसम में यहां के लोगों को पेयजल की समस्या से जूझना पड़ा था। साप्ताहिक बंदी होने के चलते यहां के लोगों को और भी ज्यादा समस्या से जूझना पड़ रहा है। मोटर सही न होने तक महिलाओं ने टैंकर से पानी की व्यवस्था कराने की मांग की है। मामले में नगर पालिका अध्यक्ष कुलदीप निषाद ने बताया कि समस्या को गंभीरता से लेते हुए मोटर ठीक कराने के साथ पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था की जाएगी।