बोनस घोषित न होने से नाराज डाक कर्मियों ने किया प्रदर्शन
जागरण संवाददाता हमीरपुर मुख्यालय स्थित प्रधान डाकघर में नेशनल फेडरेशन ऑफ पोस्टल इंप्
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : मुख्यालय स्थित प्रधान डाकघर में नेशनल फेडरेशन ऑफ पोस्टल इंप्लाइज के आह्वान पर आल इंडिया पोस्टल इम्पलाइज यूनियन ग्रुप सी ने 20 अक्टूबर को बोनस दिवस के रूप में मनाते हुए केंद्रीय कर्मचारियों का बोनस घोषित किए जाने की मांग को लेकर लंच टाइम पर धरना प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी करते हुए मांगे पूरी करने की आवाज उठाई गई।
अखिल भारतीय डाक कर्मचारी संघ के मंडलीय सचिव कामरेड अंशुमान पाठक ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा अभी तक केंद्रीय कर्मचारियों का बोनस घोषित नहीं किया गया है। जबकि विगत कई वर्षों में यह अक्टूबर के द्वितीय सप्ताह में जारी कर दिया जाता रहा है। 1978 से केंद्रीय कर्मचारियों को निर्बाध बोनस का भुगतान हो रहा है और यह बोनस केंद्रीय कर्मचारियों और रेलवे कर्मचारियों की संयुक्त ऐतिहासिक हड़ताल का परिणाम है। इसलिए किसी भी तरह की बहानेबाजी द्वारा बोनस न दिए जाने की किसी भी कोशिश को सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार द्वारा शीघ्र बोनस की घोषणा नहीं की गई तो केंद्रीय ट्रेड यूनियंस के नेतृत्व में वह लोग हड़ताल करने पर मजबूर होंगे। धरने में सभी कर्मचारी मास्क लगाए नजर आए। धरने की अध्यक्षता सहायक डाकपाल ओमप्रकाश गुप्ता ने की। इस मौके पर संदीप अवस्थी, राजगौरव त्रिवेदी, राजेंद्र प्रसाद, मसरुर अहमद, सत्यप्रकाश, भास्कर तिवारी, शिवपाल, कालीचरण मौजूद रहे।