हमीरपुर में पांच दिन में खरीदा 366 क्विंटल धान, दो को लौटाया
संवाद सहयोगी भरुआ सुमेरपुर पांच दिन पूर्व नवीन गल्ला मंडी में खोले गए धान खरीद केंद्र में अभी
संवाद सहयोगी, भरुआ सुमेरपुर : पांच दिन पूर्व नवीन गल्ला मंडी में खोले गए धान खरीद केंद्र में अभी तक 366.80 क्विंटल धान खरीदा गया है। पांच दिन में 10 किसानों से धान खरीदा गया है। धान खरीद में लेखपाल की रिपोर्ट अनिवार्य कर दिए जाने से बिचौलिए मायूस हैं। क्योंकि लेखपाल बगैर मौका मुआयना के रिपोर्ट नहीं बना रहे हैं।
आजादी के बाद पहली बार जिले में धान खरीद के लिए इस वर्ष दो धान खरीद केंद्र सुमेरपुर व राठ में खोले गए हैं। सुमेरपुर धान खरीद केंद्र प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि पांच दिन में 10 किसानों का 366.80 क्विंटल धान खरीदा गया है। धान बेचने वाले ज्यादातर किसान कुरारा विकासखंड क्षेत्र के हैं। बताया कि दो किसानों का भुगतान हो चुका है। शेष किसानों के भुगतान की कार्रवाई जारी है। जल्द ही इनका भी भुगतान हो जाएगा। वहीं, शिवनी से आए किसान राहुल मिश्रा, श्रीनारायण मिश्रा ने बताया कि उनका धान खरीदने से केंद्र प्रभारी ने मना कर दिया है। इससे वह परेशान हैं। केंद्र प्रभारी ने बताया कि दोनों किसानों का धान मानक के अनुसार नहीं है। किसानों के पक्ष में उतरे कांग्रेसी
जिला कांग्रेस कमेटी ने भी आगे आकर किसानों को न्याय दिलाने की मांग की है। कांग्रेस की जिलाध्यक्ष नीलम निषाद की अगुवाई में जिला प्रवक्ता लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, संगीता, ममता निषाद, देवरती, कुषमा निषाद, दुलारी, ओमप्रकाश निषाद कई कांग्रेसियों ने पहले कलेक्ट्रेट परिसर स्थित गोल चबूतरे में प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। इसके बाद अतिरिक्त एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा, अगर मांगों को पूरा नहीं किया गया तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।