जिले में संचालित दो केंद्रों में खरीदा गया 2749 क्विंटल धान
जागरण संवाददाता हमीरपुर जिले में पहली बार संचालित किए गए दो खरीद केंद्रों में 17 दिनों म
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : जिले में पहली बार संचालित किए गए दो खरीद केंद्रों में 17 दिनों में 58 किसानों का 2749 क्विंटल धान खरीदा गया है। इसमें अब तक 51 लाख के सापेक्ष 32 लाख रुपये का भुगतान विपणन शाखा द्वारा किया गया है। जबकि शेष भुगतान जल्द किए जाने की बात कही जा रही है।
बीते पांच वर्ष पूर्व जिले में शुरू हुआ धान उत्पादन धीरे-धीरे बढ़ता गया। मौजूदा वर्ष में करीब पांच हजार हेक्टेयर में इसका उत्पादन किया गया। वहीं, जिले में राइस मिल आदि न होने के कारण यहां धान की मंडी भी नहीं है। इससे किसानों को धान बेंचने में असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। किसानों की मांग पर जिलाधिकारी ने शासन से जिले में धान क्रय केंद्र संचालित कराने की स्वीकृति ले ली। इसके बाद 24 नवंबर से राठ व सुमेरपुर मंडी में एक-एक केंद्र संचालित करा दिए गए। इसमें अब तक कुल 58 किसानों का 2749 क्विंटल धान खरीदा गया है। सुमेरपुर क्रय केंद्र खरीद के मामले में आगे है। जबकि राठ पीछे। अब तक सुमेरपुर में 44 किसानों का 2116 क्विंटल व राठ में 14 किसानों का 633 क्विंटल धान खरीदा गया।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी बृजेश कुमार ने बताया कि खरीदे गए धान में से 1030 क्विंटल धान बांदा मिल भेजा जा चुका है। शेष के भेजने का क्रम जारी है। वहीं 32 लाख रुपये का भुगतान भी किसानों को किया जा चुका है। शेष को भुगतान करने की प्रक्रिया जारी है। बताया कि जिले में धान की खेती करने वाले ज्यादातर किसान बासमती का उत्पादन करते है। जबकि क्रय केंद्रों में सामान्य धान खरीदा जा रहा है।