गोरखपुर में बाइक टकराने पर युवक को गोली मारी, स्थिति गंभीर Gorakhpur News
गोरखपुर में बाइक टकराने पर मनबढ़ों ने युवक को गोली मार दी। प्राइवेट अस्पताल में इलाज के बाद युवक को बाबा राघव दास मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। युवक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
गोरखपुर, जेएनएन। रामगढ़ताल क्षेत्र के गायघाट में शनिवार की रात बाइक टकराने पर मनबढ़ों ने युवक को गोली मार दी। प्राइवेट अस्पताल पहुंचने के बाद पीड़ित ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। गोली युवक के बाएं हाथ मे लगी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। युवक को बाबा राघवदास मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
यह है मामला
बेतियाहाता दक्षिणी का रहने वाला 27 वर्षीय विजय कुमार शनिवार की रात में गायघाट में रहने वाले दोस्त से मिलने गया था। रात में 12 बजे के करीब बाइक से घर लौट रहा था। गायघाट चौराहे पर बाइक टकराने के बाद युवकों ने विजय को गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपित फरार हो गए। घटना की जानकारी घरवालों को देने के बाद पीड़ित इलाज कराने प्राइवेट अस्पताल चला गया। जिसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी हुई। खबर मिलते ही सीओ कैंट सुमित शुक्ल, एसओ रामगढ़ताल अनिल सिंह अस्पताल पहुंच गए। पूछताछ में विजय ने पुलिस को गोली मारने वाले युवकों का नाम बताया। जिन्हें पकड़ने पुलिस पहुंची तो वह घर पर सोते मिले। पूछताछ में आरोपितों ने रंजिश में फसाने का आरोप लगया। गलत लोगों को फसाने का आरोप लगाते हुए रामगढ़ताल पुलिस ने विजय के पिता रामरूप को हिरासत में लिया है। पीड़ित का कहना है कि पुलिस उसके परिवार को प्रताड़ित कर रही है।
नवनिर्मित प्रधानमंत्री आवास में लगी आग
शाहपुर थानाक्षेत्र के जंगल सालिकराम टोला चारपुरवा में दीपावली की रात गुड़िया देवी पत्नी बाल किशुन के नवनिर्मित प्रधानमंत्री आवास में आग लगने से हजारों का सामान जल कर खाक हो गया । गृहस्वामी ने रंजिश के तहत अज्ञात पर आग लगाने का आरोप लगाते हुए 112 नम्बर पर पुलिस को सूचना दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शाहपुर के जंगल सालिकराम टोला चारपुरवा में बाल किशुन की पत्नी गुड़िया देवी के नाम से प्रधानमंत्री आवास का निमार्ण चल रहा है। बालकिशुन मकान का प्लास्टर व वायरिंग वगैरह कराने के बाद उसी मकान में घरेलू सामान रख दिया था। बाल किशुन के अनुसार मकान में अभी बाहर का मुख्य दरवाजा नही लग पाया है। शनिवार की रात आसपास सभी लोग पुराने मकान पर सोने चले गए कि रात में चार बजे के आसपास पड़ोसियों ने सूचना दिया कि मकान से आग की लपटें निकल रही हैंं।