बेंगलुरु से पहुंचा गांव, घर पहुंचने से पहले चचेरे भाई ने लाठी से पीटकर ले ली जान Gorakhpur News
चार साल पहले रिश्ते में भाभी लगने वाली भानु सिंह की पत्नी को लेकर वह बेंगलुरु चला गया था। इससे नाराज भानु सिंह ने यह कदम उठाया।
गोरखपुर, जेएनएन। सिकरीगंज क्षेत्र के रानीडीह गांव में चार साथियों संग एक व्यक्ति ने लाठी से पीटकर चचेरे भाई 28 वर्षीय सूरज सिंह की हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से गांव में दहशत फैल गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। लोगों से घटना के बारे में पूरी जानकारी ली। पूरा प्रकरण समझने के बाद पुलिस दो बिंदुओं पर जांच कर रही है।
घर से सौ मीटर पहले घटना को दिया अंजाम
रानीडीहा निवासी राम लक्षन सिंह का पुत्र सूरज शुक्रवार को दोपहर में बेंगलुरु से गांव पहुंचा। घर से करीब 100 मीटर पहले सूरज सिंह को चचेरे भाई भानू सिंह ने साथियों संग घेर लिया। बेहोश होने तक लाठी से पीटता रहा और मरा जानकर साथियों समेत फरार हो गया। परिजनों ने बेहोश युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उरुवा पहुंचाया। डाक्टर ने नब्ज टटोलते ही उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की मां सुभावती देवी की तहरीर पर पुलिस ने भानू सिंह, राम प्रगट सिह, ज्ञान सिह समेत पांच के खिलाफ बलवा व हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष उपेन्द्र कुमार मिश्रा ने बताया कि हत्या में शामिल एक आरोपित को देर रात हिरासत में लिया गया। शेष की तलाश की जा रही है।
सूरज को बेंगलुरु से घर खींच लाई मौत
सिकरीगंज क्षेत्र के रानीडीहा के सूरज सिंह को बेंगलुरु से मौत खींच कर घर लाई। गांव पहुंचते ही नियति के क्रूर पंजों ने उसे दबोच लिया। सुभावती देवी ने बताया कि बेंगलुरु से चार वर्ष बाद बेटे सुरज ने घर आने की सूचना दी तो मन प्रसन्न हो गया। वह दोपहर गांव में पहुंचा लेकिन घर पहुंचने से पहले ही चचेरे भाई भानु सिंह ने सुनियोजित साजिश के तहत हमारे बेटे सूरज को मार डाला। बेटे को जी भर कर देखने व बात करने की हसरत तक पूरी नहीं हो सकी।
आशनाई व भूमि विवाद को केंद्र में रखकर जांच कर रही पुलिस
पुलिस की जांच में रानीडीहा गांव में सूरज सिंह की हत्या का मूल कारण आशनाई प्रकाश में आए हैं। हालांकि मृतक की मां ने भूमि विवाद में हत्या होना बताया जबकि ग्रामीणों ने आशनाई में हत्या होने की बात कही है। ग्रामीणों के अनुसार सूरज सिंह का भानु सिंह की पत्नी से संबंध था। सूरज के भानु सिंह चचेरे बड़े भाई थे। चार साल पहले रिश्ते में भाभी लगने वाली भानु सिंह की पत्नी को लेकर वह बेंगलुरु चला गया था। इससे नाराज भानु सिंह ने यह कदम उठाया। थानाध्यक्ष उपेंद्र मिश्र ने बताया कि पुलिस भूमि विवाद व आशनाई को केंद्र में रखकर जांच कर रही है। शीघ्र ही हत्या के कारण का पता चल जाएगा।