महिला पुलिसकर्मियों ने ऐसे मनाया रक्षाबंधन, राहगीरों को राखी बांधकर यातायात नियमों का पालन करने का लिया वचन
यातायाता नियमों का पालन करने के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए बस्ती पुलिस ने अनूठा अभियान चलाया। नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों को महिला पुलिसकर्मियों ने रखी बांधकर और मिठाई खिलाकर यातायात नियमों का पालन करने का वचन लिया।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। बस्ती में लोगों से यातायात नियमों का पालन कराने के लिए पुलिस ने अनूठा तरीका अपनाया। नियमों के पालन करने के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए बस्ती रक्षाबंधन के त्योहार को चुना। नियमों की अनदेखी करने वाले राहगीरों को महिला पुलिसकर्मियों ने राखी बांधकर उनसे नियमों का पालन करने का वचन लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नियमों का पालन कर ही सुरक्षित रहा जा सकता है।
एसपी की मौजूदगी में चला अभियान
एसपी आशीष श्रीवास्तव, एएसपी दीपेन्द्र नाथ चौधरी, सीओ सिटी शक्ति सिंह व कोतवाल शिवाकांत मिश्रा महिला पुलिस कर्मियों की टीम के साथ मालवीय तिराहे पर पहुंचे। यहां उन वाहनों को रोका गया, जिनके चालक हेलमेट, सीट बेल्ट के बिना वाहन चलाते मिले। महिला पुलिस कर्मियों ने उन्हें तिलक लगाकर राखी बांधी। मिठाई खिलाकर कहा कि यातायात नियमों का आप उल्लंघन कर रहे हैं। सीट बेल्ट या हेलमेट न लगाकर आप खुद को खतरे में डाल रहे हैं। ऐसे में आपको राखी बांध कर यह प्रार्थना की जा रही है कि आप दीर्घायु हों। किसी तरह का कोई हादसा होने पर आप सुरक्षित रहें और दूसरों की जान को खतरे में न डालें।
चालकों से नियमों का पालन करने की अपील की
एसपी ने इस दौरान सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने की अपील की। यातायात प्रभारी जितेंद्र यादव, टीएसआइ कामेश्वर सिंह, उप निरीक्षक विनोद यादव, किरन भास्कर व अनीता यादव मौजूद रही। विवाल्टरगंज थानाध्यक्ष दुर्विजय व गनेशपुर चौकी इंचार्ज सुरेंद्र प्रसाद ने टीम के साथ गनेशपुर के शंकर नगर चौराहा पर यातायात नियमों का पालन न करने वालों को रोका। स्थानीय महिलाओं ने उन्हें राखी बंधवाई। इसके बाद उनसे यातायात नियमों का पालन करने के लिए अपील किया। इसके बाद वाल्टरगंज थानाध्यक्ष व गनेशपुर चौकी प्रभारी ने थानाक्षेत्र में उत्पीड़न की शिकार हुई महिलाओं से राखी बंधवाकर उनका मनोबल बढ़ाया। उन्हें उपहार भी भेंट किया। इस दौरान आरक्षी कामोद कुशवाहा, विनोद यादव, विजय मौर्य मौजूद रहे। लालगंज चौकी इंचार्ज सचिंद्र टीम के साथ कस्बे में स्थानीय महिलाओं से यातायात नियमों का पालन न करने वाले लोगों को राखी बंधवाई।